बालापुरा विद्यालय की उपलब्धि : NMMS स्कॉलरशिप में पांच विद्यार्थियों का चयन

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल।राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय बालापुरा के लिए गर्व का क्षण रहा नेशनल मींस कम मेरिट स्कॉलरशिप (NMMS) 2026 के परिणाम में विद्यालय के पांच विद्यार्थियों — दिलखुश गुर्जर, सुनील गुर्जर, हीरा कुमारी रेगर, मोनिका गुर्जर एवं राकेश गुर्जर — का चयन हुआ है।
संस्था प्रधान महेश नुवाल ने बताया कि इस छात्रवृत्ति योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा कक्षा 9वीं से 12वीं तक प्रतिवर्ष ₹12,000 की सहायता राशि प्रदान की जाती है। इस प्रकार चयनित विद्यार्थियों को कुल ₹48,000 की स्कॉलरशिप मिलेगी।
विद्यालय परिवार एवं एसएमसी सदस्यों ने चयनित विद्यार्थियों का माल्यार्पण कर मिठाई खिलाकर स्वागत किया। खास बात यह है कि मात्र दो कमरों में संचालित इस छोटे से विद्यालय ने पिछले 8 वर्षों में 30 विद्यार्थियों का चयन NMMS स्कॉलरशिप में करवाकर क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है।
ग्रामीणों एवं एसएमसी सदस्यों ने विद्यालय स्टाफ और संस्था प्रधान के प्रयासों की सराहना करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।