बनास नदी में अवैध बजरी खनन पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त,चालक मौके से फरार

मंगरोप@मुकेश खटीक।थाना पुलिस ने अवैध बजरी खनन के खिलाफ मंगलवार देर रात बड़ी कार्रवाई करते हुए खाती खेड़ा क्षेत्र में बनास नदी से अवैध रूप से बजरी परिवहन करते एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त किया।कार्रवाई थाना प्रभारी विजय मीणा के नेतृत्व में देर रात गश्त के दौरान की गई।पुलिस की कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।जानकारी के अनुसार मंगरोप थाना पुलिस क्षेत्र में रात्रिकालीन गश्त कर रही थी।इसी दौरान खाती खेड़ा के समीप बनास नदी क्षेत्र में एक ट्रैक्टर-ट्रॉली संदिग्ध अवस्था में बजरी भरते एवं परिवहन करते दिखाई दी।पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो चालक पुलिस को देखकर ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर ही छोड़ अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।पुलिस ने मौके से अवैध बजरी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करवाया।मामले में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।साथ ही कार्रवाई की सूचना माइनिंग विभाग को भी दे दी गई है ताकि नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जा सके।थाना प्रभारी विजय मीणा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और किसी भी स्थिति में अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।उन्होंने कहा कि अवैध खनन में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।गौरतलब है कि बनास नदी क्षेत्र में लंबे समय से अवैध बजरी खनन की शिकायतें मिल रही थीं।पुलिस की इस कार्रवाई को अवैध खनन पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।