लाडपुरा भागवत कथा के पांचवें दिन गोवर्धन की पूजा कर मांगी खुशहाली, छप्पन भोग लगाया

शिव जांगिड़

लाडपुरा|स्मार्ट हलचल।कस्बे के सामुदायिक भवन परिसर में ग्रामवासी द्वारा श्रीमद् भागवत कथा के पांचवें दिन गुरुवार को राकेश मिश्रा महाराज के सानिध्य में महिलाओं ने गोवर्धन की पूजा की। श्रद्धालुओं की ओर से प्रभुजन्म पर समर्पित छप्पनभोग का प्रसाद वितरित हुआ।श्रीमद्भागवत कथा के पंचम दिवस में कथाव्यास राकेश मिश्रा जी महाराज ने भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं का अत्यंत भावपूर्ण वर्णन किया। कथा श्रवण करते हुए समस्त श्रद्धालु भक्तिभाव में सराबोर हो गए। महाराज श्री ने पूतना उद्धार, शकटासुर एवं तृणावर्त उद्धार तथा भगवान श्रीकृष्ण के नामकरण संस्कार की दिव्य लीलाओं का सुंदर वर्णन किया।

कथा के मध्य महाराज श्री ने भक्तों को जीवन का गूढ़ संदेश देते हुए कहा कि “राम करे सो करिए और कृष्ण कहें सो करिए।” अर्थात भगवान श्रीराम ने अपने जीवन में जो आदर्श प्रस्तुत किए, उन्हें अपने आचरण में उतारना चाहिए तथा भगवान श्रीकृष्ण ने गीता एवं अपनी लीलाओं के माध्यम से जो उपदेश दिए हैं, उनका पालन करना चाहिए।

कथा विश्राम के अवसर पर भगवान गोवर्धन की दिव्य झांकी सजाई गई तथा श्रद्धा भाव से विधिवत पूजन-अर्चन किया गया। साथ ही भगवान श्रीकृष्ण को छप्पन भोग अर्पित किया गया, जिसका दर्शन कर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। संपूर्ण पांडाल भक्तिमय वातावरण से गुंजायमान रहा।

भीषण गर्मी के बावजूद कथा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और बड़ी संख्या में भक्तों ने उपस्थित होकर कथा एवं भक्ति रस का आनंद प्राप्त किया।

आयोजकों ने बताया कि यह सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा प्रतिदिन सामुदायिक भवन परिसर में प्रातः 10:15 बजे से दोपहर 1:15 बजे तक आयोजित की जा रही है।

सात दिवसीय भागवत कथा का 30 मई को समापन होगा।