एसडीओ बद्रीनारायण विश्नोई की पहल रंग लाई, 4 किमी के चक्कर से ग्रामीणों को मिली राहत

चिमु धतरवाल

बायतु।स्मार्ट हलचल।उपखण्ड अधिकारी बायतु बद्रीनारायण विश्नोई ने गुरुवार को खातेदारी भूमि से जुड़े 20 साल पुराने रास्ते के विवाद का मौके पर पहुंचकर समाधान करवाया। करीब चार घंटे चली समझाइश वार्ता के बाद संबंधित खातेदार कटाण मार्ग के लिए भूमि देने पर सहमत हुए, जिससे ग्रामीणों को 4 किलोमीटर के अतिरिक्त चक्कर से राहत मिलेगी।
जानकारी के अनुसार बुधवार को ग्राम पंचायत निम्बाणियों की ढाणी में आयोजित रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने खातेदारी रास्ते के पुराने विवाद को लेकर एडीएम बाड़मेर राजेन्द्रसिंह चांदावत को शिकायत दी थी। इस पर एडीएम ने एसडीओ बायतु बद्रीनारायण विश्नोई को मौके पर जाकर संतोषजनक समाधान करवाने के निर्देश दिए।
गुरुवार सुबह एसडीओ विश्नोई, तहसीलदार मोनालिसा देथा, भू-अभिलेख निरीक्षक पनजी हनुमान जाखड़ तथा हल्का पटवारी अभिषेक मौके पर पहुंचे। एसडीओ ने खातेदारों एवं ग्रामीणों को सरकारी कटाण मार्गों के प्रावधानों और उनके महत्व की जानकारी दी।
ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी कटाण मार्ग नहीं होने से उनका बायतु उपखण्ड मुख्यालय से सीधा संपर्क नहीं है, जिसके कारण उन्हें करीब 4 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। इससे किसानों, मजदूरों, विद्यार्थियों सहित आमजन को लंबे समय से परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
समस्या की गंभीरता को देखते हुए एसडीओ विश्नोई ने ग्राम चुतराणियों की ढाणी एवं निम्बाणियों की ढाणी के मौजिज लोगों और संबंधित खातेदारों से लगातार समझाइश वार्ता की। करीब चार घंटे चली बातचीत के बाद खसरा संख्या 645/527 एवं 706/522 के खातेदारों ने कटाण मार्ग के लिए स्वेच्छा से भूमि देने की लिखित सहमति प्रदान की।
इसके बाद एसडीओ ने तहसीलदार मोनालिसा देथा को प्रस्ताव तैयार करवाने के निर्देश दिए।
मौके पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए एसडीओ विश्नोई ने कहा कि क्षेत्र में गर्मी को देखते हुए जरूरत वाले स्थानों पर टैंकरों के माध्यम से जलापूर्ति करवाई जा रही है तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि राजकीय कार्यों में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान भाजपा नेता चैनाराम चौधरी, पोकरराम, जोराराम सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।