नीरज मीणा
मंडावर/ऊकरूंद।स्मार्ट हलचल/मंडावर उपखंड क्षेत्र के समीप ग्राम ऊकरूंद में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा का समापन समारोह भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। समापन अवसर पर महवा विधायक राजेन्द्र मीणा ने कथा स्थल पहुंचकर पूजा-अर्चना की तथा कथा व्यास का आशीर्वाद प्राप्त किया। विधायक के आगमन पर ग्रामीणों एवं आयोजन समिति के सदस्यों ने फूल-मालाओं, साफा और दुपट्टा पहनाकर जोरदार स्वागत किया। पूरे आयोजन स्थल पर “राधे-राधे” और “जय श्री कृष्ण” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा।
ग्राम ऊकरूंद में आयोजित इस धार्मिक आयोजन में आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कथा पंडाल में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने कथा श्रवण कर धर्म लाभ लिया। समापन समारोह के दौरान भजन-कीर्तन, संकीर्तन और धार्मिक प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया।
महवा विधायक राजेन्द्र मीणा ने अपने संबोधन में कहा कि श्रीमद् भागवत कथा केवल धार्मिक आयोजन नहीं बल्कि समाज को संस्कार, नैतिकता और मानवता का संदेश देने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में धार्मिक आयोजनों का विशेष महत्व है, जो समाज में प्रेम, भाईचारा और एकता को मजबूत करते हैं। आज की युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति और धार्मिक मूल्यों से जोड़ना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।
विधायक ने कहा कि गांवों में इस प्रकार के आयोजन सामाजिक समरसता को बढ़ावा देते हैं तथा लोगों को सकारात्मक दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि इतने भव्य और अनुशासित कार्यक्रम का सफल आयोजन पूरे गांव के सहयोग और एकता का परिचायक है।
समारोह में ग्रामीणों ने विधायक के समक्ष क्षेत्र की विभिन्न समस्याएं भी रखीं, जिनमें सड़क, पेयजल और अन्य विकास कार्य शामिल रहे। विधायक राजेन्द्र मीणा ने ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा।
कथा समापन के अवसर पर विशाल महाप्रसादी का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन स्थल पर सेवा कार्यों में ग्रामीण युवाओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।
इस अवसर पर कथा आयोजन समिति के सदस्य, ग्राम के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, युवा साथी एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
