जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है आमजन: महंगाई के खिलाफ निंबाहेड़ा में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन

पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के नेतृत्व में प्रधानमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन

निंबाहेड़ा, 29 मई 2026:स्मार्ट हलचल।राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार केंद्र सरकार की जनविरोधी आर्थिक नीतियों, लगातार बढ़ती महंगाई और पेट्रोल-डीजल व रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों के खिलाफ शुक्रवार को निंबाहेड़ा में कांग्रेस ने जोरदार हल्ला बोल किया। निंबाहेड़ा ब्लॉक एवं नगर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना के नेतृत्व में उपखंड कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर, प्रधानमंत्री के नाम उपखंड अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

शुक्रवार प्रातः 11 बजे आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेसजन, जनप्रतिनिधि और युवा कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए बढ़ती महंगाई पर गहरा रोष व्यक्त किया। वक्ताओं ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और घरेलू गैस की लगातार बढ़ती कीमतों ने आम आदमी का जीवन अत्यंत कठिन बना दिया है। जनता की आय घट रही है, जबकि गरीब, मध्यम वर्ग, किसान, मजदूर और नौकरीपेशा वर्ग पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है。

महंगाई ने तोड़ी जनता की कमर : उदयलाल आंजना

इस अवसर पर पूर्व सहकारिता मंत्री उदयलाल आंजना ने केंद्र सरकार पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार की नीतियां पूरी तरह जनविरोधी साबित हो रही हैं। महंगाई बेलगाम हो चुकी है और आम आदमी अपने परिवार का भरण-पोषण करने में भी असमर्थ होता जा रहा है।

आंजना ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों का हवाला देकर जनता पर लगातार आर्थिक बोझ डाल रही है, जबकि जरूरत पेट्रोलियम पदार्थों और गैस पर टैक्स कम करके जनता को राहत देने की है। उन्होंने कहा कि देश में बेरोजगारी बढ़ रही है और किसान परेशान हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई पर नियंत्रण करने के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हित में इस आंदोलन को और अधिक उग्र और व्यापक रूप देगी।

कार्यक्रम का संचालन और आभार

कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संपतलाल धाकड़, नगर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष बंशीलाल राईवाल एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष भोपराज टांक के नेतृत्व में किया गया। अंत में कांग्रेस पदाधिकारियों ने सभी उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

प्रदर्शन में ये रहे प्रमुख रूप से उपस्थित

इस दौरान क्रय विक्रय सहकारी समिति अध्यक्ष गोपाल आंजना, नगर कांग्रेस कमेटी संगठन महासचिव रविप्रकाश सोनी, मनोज पारख, विधानसभा युवा कांग्रेस अध्यक्ष जसवंत सिंह आंजना, प्रदेश युवा कांग्रेस वरिष्ठ महासचिव यशपाल सिंह शक्तावत, लक्ष्मण सिंह सोलंकी, बाबूलाल आंजना, नुसरत खान, ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष बलवंत जाट, हाजी शब्बीर गौरी, आज़ाद गौरी, रमेश तेली, बापुलाल गायरी, खेमराज कुमावत, दीपक धाकड़, दिनेश गुप्ता, रोमी पोरवाल, राजेश सांड, राहुल सेन और भंवर सिंह शक्तावत सहित बड़ी संख्या में अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि एवं आमजन उपस्थित रहे।