भीलवाड़ा । भीलवाड़ा के सौ फीट रोड स्थित किरण मार्केट में पिछले छह महीनों से पानी की सप्लाई पूरी तरह ठप पड़ी है… और अब लोगों का सब्र जवाब देने लगा है। भीषण गर्मी, चिलचिलाती धूप और पानी की एक-एक बूंद के लिए तरसते लोग… हालात इतने खराब हो चुके हैं कि महिलाओं और बच्चों को रोजाना दूर-दूर से पानी ढोना पड़ रहा है। गुस्साए क्षेत्रवासियों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए मटकी फोड़कर करीब आधे घंटे तक सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने जमकर नारेबाजी करते हुए प्रशासन और जलदाय विभाग के खिलाफ अपना आक्रोश जताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायतें और अधिकारियों के चक्कर लगाने के बावजूद सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लोगों का आरोप है कि “बिल तो हर महीने समय पर आ जाता है, लेकिन पानी की सप्लाई नहीं आती।” क्षेत्रवासियों का कहना है कि अगर जल्द ही समस्या का समाधान नहीं किया गया तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर छह महीने से बंद पड़ी पानी सप्लाई की जिम्मेदारी कौन लेगा? और कब तक आम जनता पानी के लिए यूं ही दर-दर भटकती रहेगी?
