बिजयनगर में मानवाधिकार आयोग की दस्तक, जस्टिस जी.आर. मूलचंदानी ने की अस्पताल से थाने तक व्यवस्थाओं की समीक्षा

( अनिल जांगिड़)

स्मार्ट हलचल।माननीय जस्टिस जी.आर. मूलचंदानी ने शुक्रवार को बिजयनगर स्थित राजकीय अस्पताल एवं पुलिस थाना बिजयनगर का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही चिकित्सा सुविधाओं, साफ-सफाई व्यवस्था, दवा उपलब्धता, रिकॉर्ड संधारण तथा आमजन को दी जा रही सुविधाओं का अवलोकन किया। वहीं पुलिस थाना परिसर में अभिलेखों के रख-रखाव, फरियादियों की सुनवाई, मानवाधिकार संबंधी व्यवस्थाओं एवं थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग व्यवस्था सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जस्टिस मूलचंदानी ने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा आमजन को बेहतर, पारदर्शी एवं संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासनिक संस्थानों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं मानवीय दृष्टिकोण बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है।
अस्पताल एवं पुलिस थाना परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर वे संतुष्ट नजर आए, हालांकि कुछ बिंदुओं पर सुधार एवं व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी प्रदान किए। उन्होंने अधिकारियों को आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान, स्वच्छ वातावरण एवं बेहतर कार्यप्रणाली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से संचालित हों तथा आवश्यकता पड़ने पर प्रार्थियों को रिकॉर्डिंग उपलब्ध कराई जा सके, इसके लिए पुलिस वृत्ताधिकारी मसूदा को आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारीगण, बिजयनगर न्यायिक न्यायालय के कर्मचारीगण, पुलिस विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा आयोग अध्यक्ष को विभिन्न व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी भी दी गई।