100 ग्राम स्मैक के साथ झालावाड़ और ब्यावर के 4 अंतर-जिला तस्कर गिरफ्तार

जैतारण पुलिस की मुस्तैदी से नाकाम हुई ड्रग्स की बड़ी डील; होटल में दबिश देकर कपड़ों में छिपाई स्मैक की बरामद

अनिल कुमार

ब्यावर।जैतारण (ब्यावर)। स्मार्ट हलचल।जिला पुलिस अधीक्षक रतनसिंह के निर्देशानुसार ब्यावर जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जैतारण थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सजगता दिखाते हुए 100.04 ग्राम अवैध स्मैक के साथ चार अंतर-जिला तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बरामद की गई स्मैक की खेप को ब्यावर जिले में स्मैक के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया है।

होटल में रुके थे झालावाड़ के सप्लायर
थानाधिकारी धोलाराम ने बताया कि 29 मई को एएसआई (सउनि) मोहनलाल मय जाब्ता रात्रिकालीन गश्त पर थे। इस दौरान पुलिस टीम को दो युवक मोतीलाल और विष्णु संदिग्ध अवस्था में घूमते हुए मिले। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों घबरा गए और बताया कि उनके दो दोस्त, जो झालावाड़ के रहने वाले हैं, निमाज स्थित ‘श्री पैलेस होटल’ में रुके हुए हैं। युवकों द्वारा झालावाड़ से आने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताने पर पुलिस का शक गहरा गया।

मनोवैज्ञानिक पूछताछ में खुला राज
पुलिस टीम ने तुरंत ‘श्री पैलेस होटल’ पहुंचकर वहां ठहरे संदिग्ध मुकेश तंवर और फूलचंद को हिरासत में लिया और थाने लाकर मनोवैज्ञानिक तरीके से गहन पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने कुबूल किया कि वे झालावाड़ से स्मैक की बड़ी खेप की सप्लाई देने ब्यावर आए थे। पुलिस ने जब उनके बैग की तलाशी ली, तो कपड़ों के नीचे छुपाकर रखी गई 100.04 ग्राम स्मैक बरामद हुई। यह खेप ब्यावर के रहने वाले विष्णु देवासी और मोतीलाल को सप्लाई की जानी थी, लेकिन डील होने से पहले ही पुलिस ने चारों को धर दबोचा।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार:
मुकेश तंवर (25): निवासी लसुडिया गेन्द, थाना भालता, जिला झालावाड़ (सप्लायर)।

फूलचंद (52): निवासी मजरा सूरजपुरा, थाना रटलाई, जिला झालावाड़ (सप्लायर)।

विष्णु देवासी (25): निवासी गुर्जरों का बास लौटोती, थाना जैतारण, जिला ब्यावर (खरीदार)।

मोतीलाल (38): निवासी देवासियों का बास लौटोती, थाना जैतारण, जिला ब्यावर (खरीदार)।

एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज, जांच शुरू
पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ जैतारण थाने में प्रकरण संख्या 225/2026 के तहत धारा 8/21 और 8/29 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट में मामला दर्ज कर लिया है। मामले का अग्रिम अनुसंधान बर थानाधिकारी पन्नालाल (उनि) द्वारा किया जा रहा है।

टीम को मिलेगा पुरस्कार:
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया और वृताधिकारी सतेन्द्र सिंह नेगी के सुपरविजन में हुई इस सफल कार्रवाई में एएसआई मोहनलाल, कांस्टेबल मनोहरलाल और कांस्टेबल महेंद्र ने विशेष भूमिका निभाई। पुलिस आलाधिकारियों द्वारा पूरी टीम की सराहना की जा रही है।