न्यायालय परिसर से नारेबाजी करते हुए निकले कांग्रेसी, मुख्य द्वार पर किया जबरदस्त प्रदर्शन।
अतिरिक्त जिला कलेक्टर ब्रम्हलाल जाट को महामहिम राज्यपाल के नाम सौंपा ज्ञापन।
अनिल कुमार
ब्यावर ।स्मार्ट हलचल।केंद्र व राज्य सरकार की जनविरोधी नीतियों, आसमान छूती महंगाई, बेरोजगारी और नीट (NEET) परीक्षा पेपर लीक मामले के विरोध में शुक्रवार को ब्लॉक कांग्रेस कमेटी ब्यावर ने शहर में एक ऐतिहासिक और उग्र प्रदर्शन किया। राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आयोजित इस आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का भारी आक्रोश देखने को मिला।
आंदोलन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने न्यायालय परिसर से केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। इसके बाद आक्रोशित कांग्रेसी न्यायालय परिसर के मुख्य द्वार पर पहुंचे, जहां जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए प्रधानमंत्री का पुतला दहन किया गया। प्रदर्शन के बाद ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने अतिरिक्त जिला कलेक्टर (एडीएम) ब्रम्हलाल जाट को महामहिम राज्यपाल के नाम 5 सूत्रीय मांगों का आधिकारिक ज्ञापन सौंपा।
जनता बूंद-बूंद पानी को तरस रही, प्रशासन मूकदर्शक: अजय शर्मा
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एडवोकेट अजय शर्मा ने भाजपा सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें स्थिर होने के बावजूद घरेलू बाजार में पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस (एलपीजी) के दाम लगातार बढ़ाए जा रहे हैं, जिसने गरीब और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है। शर्मा ने स्थानीय मुद्दों पर बोलते हुए कहा कि इस भीषण गर्मी में पूरा ब्यावर क्षेत्र बिजली की अघोषित कटौती और पानी की भारी किल्लत से जूझ रहा है। जनता बूंद-बूंद पानी के लिए त्राहि-त्राहि कर रही है, लेकिन प्रशासन मूकदर्शक बना बैठा है।
नीट पेपर लीक युवाओं के साथ क्रूर खिलवाड़: पारस पंच
सभा को संबोधित करते हुए पीसीसी सदस्य पारस पंच और जिला संगठन महासचिव राजेश देवड़ा ने नीट परीक्षा पेपर लीक का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि देश के लाखों छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ यह बेहद क्रूर खिलवाड़ है। इतनी बड़ी धांधली उजागर होने के बाद भी दोषियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होना शर्मनाक है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन जनहित के मुद्दों का समाधान नहीं हुआ, तो कांग्रेस पार्टी जनता के हक के लिए और भी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगी।
ज्ञापन में उठाई गईं ये प्रमुख मांगें:
पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में तत्काल कटौती कर सब्सिडी बहाल की जाए।
ब्यावर क्षेत्र में इस भीषण ग्रीष्मकाल में बिजली और पेयजल की नियमित व पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित हो।
NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष, समयबद्ध और उच्च स्तरीय जांच कराकर दोषियों को कड़ी सजा दी जाए।
ब्यावर की स्थानीय समस्याओं जैसे टूटी सड़कें, सफाई व्यवस्था और स्वास्थ्य सेवाओं का त्वरित समाधान हो।
बढ़ती बेरोजगारी को दूर करने के लिए प्रभावी रोजगार नीतियां लागू की जाएं।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद:
इस विशाल जन-आक्रोश प्रदर्शन में सेवादल जिलाध्यक्ष विक्रम सोनी, ज़िला उपाध्यक्ष राजेन्द्र ओस्तवाल, बृजवल्लभ पाराशर, जिला प्रवक्ता एडवोकेट रामस्वरूप सेवलिया, अल्पसंख्यक विभाग जिलाध्यक्ष अजमत काठात, शिक्षक प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष नरसिंह गहलोत, अनुसूचित जाति जिलाध्यक्ष बिरदीचन्द खोरवाल, नगर अध्यक्ष भरत बाघमार, पूर्व सभापति मुकेश सोलंकी, युवक कांग्रेस अध्यक्ष मनीष साँखला, मंडल अध्यक्ष हिमांशु तातेड़ सहित महिला कांग्रेस, यूथ कांग्रेस, सेवादल और एनएसयूआई के तमाम पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
