बानसूर।स्मार्ट हलचल।क्षेत्र की चतरपुरा ग्राम पंचायत की कई कॉलोनियों में लंबे समय से पेयजल संकट बना हुआ है। समस्या से परेशान ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों का आरोप है कि रैगर मोहल्ले में पानी की लाइन बिछने के बावजूद कई घरों तक आज तक पानी नहीं पहुंचा है।ग्रामीण गायत्री मौर्य ने बताया कि उन्हें रोज करीब एक किलोमीटर दूर जाकर पानी भरना पड़ता है। वहां भी फ्लोराइड युक्त पानी मिल रहा है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है। 75 वर्षीय रामपाल रातावाल ने कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। प्रदर्शन में पूरण मल, राहुल मौर्य, नवनीत खोरवाल, रोहित मौर्य, विपुल सेठिया सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।