अनिल जांगिड़
स्मार्ट हलचल।नगर कांग्रेस कमेटी बिजयनगर के तत्वावधान में नगर अध्यक्ष अंकित तातेड़ के नेतृत्व में रेलवे स्टेशन चौराहा पर महंगाई, पेट्रोल-डीजल एवं रसोई गैस के बढ़ते दामों, पानी की किल्लत, बिजली संकट तथा सफाई व्यवस्था की बदहाली को लेकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रतीकात्मक पुतला दहन कर रोष व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राकेश पारीक ने कहा कि जनता मूलभूत सुविधाओं के लिए परेशान है और बढ़ती महंगाई से आमजन प्रभावित हो रहा है। वहीं पीसीसी सदस्य संग्राम सिंह गुर्जर एवं जिला महासचिव पीयूल लूणावत ने कांग्रेस को जनता की आवाज बताते हुए जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखने की बात कही।
नगर अध्यक्ष अंकित तातेड़ ने कहा कि वार्डों में आयोजित “चाय पर चर्चा” कार्यक्रम के दौरान लोगों ने पानी, बिजली और सफाई से जुड़ी समस्याएं प्रमुखता से उठाई हैं। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी जनता के साथ मिलकर बड़ा आंदोलन करेगी।
प्रदर्शन में जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस पदाधिकारी, वर्तमान एवं पूर्व पार्षद, विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि, वार्ड अध्यक्ष, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक मौजूद रहे। अंत में अंकित तातेड़ ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं एवं मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।
