अलकेश पारीक
स्मार्ट हलचल।कस्बे में शनिवार को कुएं में मिले व्यक्ति के शव की पहचान फखरुद्दीन पुत्र शादरूदीन पटवा (51) निवासी शक्करगढ़ के रूप में हुई है। मृतक की गुमशुदगी पहले ही थाना शक्करगढ़ में दर्ज करवाई गई थी, जिसके बाद पुलिस और परिजन उसकी तलाश में जुटे हुए थे।
जानकारी के अनुसार 30 मई को कस्बे के एक कुएं में शव दिखाई देने की सूचना पर क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से शव को बाहर निकलवाया गया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शक्करगढ़ की मोर्चरी में रखवाया गया।
रविवार को थाना शक्करगढ़ से हेड कांस्टेबल राजेंद्र कुमार मय जाब्ता अग्रिम कार्रवाई के लिए सीएचसी पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर मेडिकल अधिकारी को तहरीर पेश की, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी करवाई।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। घटना के दौरान मौके पर शांति व्यवस्था बनी रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
