मांडलगढ़ में पंचायतीराज कर्मचारियों का ‘स्वाभिमान बचाओ आंदोलन’ शुरू, मांगें न मानने पर जयपुर में सामूहिक महाजल समाधि की चेतावनी

उत्तराखंड पैटर्न लागू करने और कैडर रिव्यू सहित 7 सूत्री मांगों को लेकर एसडीएम व बीडीओ को सौंपा ज्ञापन; 10 जून से आधे दिन की ‘कलम डाउन’ हड़ताल का ऐलान

मांडलगढ़, 1 जून।स्मार्ट हलचल।ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग में मंत्रालयिक कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर आंदोलन का बिगुल बजा दिया है। पंचायतीराज मंत्रालयिक कर्मचारी संगठन ब्लॉक मांडलगढ़ द्वारा ‘स्वाभिमान बचाओ आंदोलन’ के तहत आज ब्लॉक स्तर पर उपखंड अधिकारी (एसडीएम) एवं विकास अधिकारी (बीडीओ) के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

कर्मचारियों की प्रमुख 7 सूत्री मांगें:

  • सम्पूर्ण उत्तराखण्ड पैटर्न व ग्राम पंचायत स्तर पर त्रिस्तरीय व्यवस्था लागू करना।
  • कार्मिक विभाग के नियमानुसार सम्पूर्ण केडर रिव्यू सुनिश्चित करवाना।
  • पटवारी व कृषि पर्यवेक्षक की तर्ज पर अतिरिक्त प्रभार व हार्ड ड्यूटी अलाउंस देना।
  • एक ही भर्ती में देरी से नियुक्त कार्मिकों को नोशनल परिलाभ व अंतरजिला स्थानांतरण नीति।
  • कनिष्ठ लिपिक भर्ती 2013 के प्रकरणों की तृतीय पक्ष से निष्पक्ष जांच करवाना।

संगठन के प्रदेश प्रतिनिधि अशोक कुमार वैष्णव व हरिशंकर तेली ने बताया कि जयपुर में विभागीय स्तर पर लंबी वार्ता के बाद भी उचित समाधान नहीं होने के कारण आंदोलन का निर्णय लिया गया है। संघ के राधेश्याम अहीर एवं आशीष कुमार भट्ट ने कहा कि सरकार के प्रत्येक स्तर का कार्य बाबू वर्ग करता है, लेकिन जानबूझकर इस संवर्ग को अधिकारों से वंचित कर पक्षपात किया जा रहा है, जो अब बर्दाश्त नहीं होगा।

यह रहेगा आंदोलन का आगामी चरणबद्ध कार्यक्रम:

तारीख / अवधिआंदोलन का कार्यक्रम
01 जून (आज)ब्लॉक स्तर पर एसडीएम और बीडीओ को ज्ञापन (संपन्न)
08 जूनजिला स्तर पर जिला कलेक्टर एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी को ज्ञापन
10 से 16 जूनआधा दिन ‘कलम डाउन’ (कार्य बहिष्कार) हड़ताल
17 से 19 जूनब्लॉक, जिला व राज्य स्तर पर क्रमिक सद्बुद्धि यज्ञ
24 व 25 जूनप्रदेश, जिला व ब्लॉक कार्यकारिणी का सामूहिक जयपुर कूच
01 जुलाईवीबी जी राम जी योजना का संपूर्ण रूप से बहिष्कार
06 जुलाईजयपुर में मुख्यमंत्री आवास का महाघेराव
07 जुलाईजयपुर में जल महल पर सामूहिक महाजल समाधि (जल क्रांति)

इस ज्ञापन कार्यक्रम के दौरान संगठन के अभिषेक गोवर्धन पुरी गोस्वामी, रमेश कुमार मीणा, मंजू तेली, ज्योति जैन, मुकेश कुमार बेरवा, कनिष्ठ सहायक कमलेश कुमार गुर्जर, सूर्यभान सिंह, राधेश्याम धाकड़, सोनू पाराशर, चेतन पाराशर, फरियाज अली, भागीरथ मीणा सहित भारी संख्या में मंत्रालयिक कर्मचारी एवं कैडर के सदस्य उपस्थित रहे।