जल संकट आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती,अभियान की सफलता हमारी नैतिक जिम्मेदारी: ऊर्जा मंत्री नागर

ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने किया विभिन्न गांवों का दौरा; ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ को सफल बनाने का किया आह्वान

बी एम राठौर

स्मार्ट हलचल।​सांगोद ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने क्षेत्र के विकास और पर्यावरण संरक्षण को गति देते हुए ग्राम मण्डीता, कुन्दनपुर, विनोदखुर्द और मण्डाप का सघन दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद किया और क्षेत्र में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का जायजा लिया। ऊर्जा मंत्री ने ‘वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान’ पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि जल संकट आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती है, इसलिए इस अभियान की सफलता हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। यह आभियान हमारी आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
​दौरे के दौरान ऊर्जा मंत्री ने आमजन और कार्यकर्ताओं में नया जोश फूंकते हुए आह्वान किया कि सभी कार्यकर्ता गांव-गांव जाएं और इस जल संरक्षण अभियान से जुड़कर श्रमदान करें। इसके साथ ही उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए कि सभी अधिकारी-कार्मिक पूरे मन और पूर्ण निष्ठा से इस अभियान को सफल बनाने में जुट जाएं। कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
​अपने ग्रामीण दौरे के समय ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गांवों के खेतों के रास्तों के निर्माण कार्यों का भौतिक निरीक्षण भी किया। उन्होंने गुणवत्तापूर्ण सड़क और रास्ते निर्माण के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को आवागमन में कोई असुविधा न हो। इसके पश्चात, उन्होंने विभिन्न स्थानों पर जनसुनवाई की, जहां ग्रामीणों ने विभिन्न समस्याओं को उनके सामने रखा। मंत्री ने मौके पर ही अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित और स्थाई निस्तारण के आदेश दिए। जिससे ग्रामीणों को जल्द से जल्द राहत मिल सके।