अनिल कुमार
ब्यावर/पुष्कर।स्मार्ट हलचल।पुष्कर में आयोजित कांग्रेस ज़िलाध्यक्षों के दस दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का समापन बेहद आत्मीय और ऊर्जावान माहौल में हुआ। शिविर के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में पहुँचे वरिष्ठ कांग्रेस नेता श्री राहुल गाँधी ने देश और प्रदेश के सांगठनिक ढाँचे को मजबूत करने के लिए ज़िलाध्यक्षों को कड़ी मेहनत और निष्ठा का संकल्प दिलाया।
कार्यकर्ताओं को दिया अनुशासित जीवन शैली का पाठ
शिविर को संबोधित करते हुए राहुल गाँधी ने पार्टी पदाधिकारियों को अनुशासन और जनता के प्रति जवाबदेही का पाठ पढ़ाया। उन्होंने कहा, “एक सच्चे कांग्रेस कार्यकर्ता और नेता की पहचान उसकी अनुशासित जीवन शैली और संयमित आचरण से होती है। जनता के बीच रहकर, उनके सुख-दुख को समझना और संयम के साथ संगठन को आगे बढ़ाना ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।” उन्होंने सभी नेताओं से आगामी चुनौतियों के लिए तैयार रहने और हर बूथ स्तर तक कांग्रेस की विचारधारा को पहुँचाने का आह्वान किया।
रिपोर्ट कार्ड के आधार पर ब्यावर ज़िलाध्यक्ष किशोर चौधरी की थपथपाई पीठ
इस प्रशिक्षण शिविर की सबसे खास बात यह रही कि राहुल गाँधी के पास सभी ज़िलाध्यक्षों के धरातल पर किए गए कार्यों का एक विस्तृत रिपोर्ट कार्ड मौजूद था। उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने ब्यावर के युवा ज़िलाध्यक्ष किशोर चौधरी की मंच से खुले दिल से सराहना की।
राहुल गाँधी ने किशोर चौधरी की पीठ थपथपाते हुए कहा, “किशोर चौधरी ने बेहद कम उम्र में पहले ब्लॉक अध्यक्ष और फिर ‘संगठन सृजन अभियान’ के तहत ज़िलाध्यक्ष बनकर युवाओं के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है। संगठन को ऐसे ही ऊर्जावान और समयबद्ध काम करने वाले नेतृत्व की आवश्यकता है।”
ज़िलाध्यक्षों के परिजनों से किया आत्मीय संवाद
शिविर के अंतिम दिन राहुल गाँधी का एक बेहद संवेदनशील रूप देखने को मिला। उन्होंने प्रशिक्षण शिविर में आए सभी ज़िलाध्यक्षों के परिजनों के साथ विशेष समय बिताया। इसी क्रम में उन्होंने ब्यावर ज़िलाध्यक्ष किशोर चौधरी की माता, छोटे भाई और सुपुत्री से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। परिजनों के आग्रह पर उन्होंने इस मुलाकात को यादगार बनाने के लिए तस्वीरें भी खिंचवाईं।
10 दिनों तक चले इस गहन वैचारिक शिविर के समापन पर सभी ज़िलाध्यक्षों में एक नया उत्साह और आगामी चुनावों व सांगठनिक कार्यों के लिए एक नई ऊर्जा देखी गई।
