जल चोरों पर विभाग का शिकंजा: 20 से अधिक अवैध जल संयोजन हटाए, दंडात्मक नोटिस जारी

दिलखुश मोटीस

सावर(अजमेर)@स्मार्ट हलचल।आमजन को सुचारु पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा जल चोरी पर रोक लगाने के उद्देश्य से जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सावर (पीएचईडी) ने मंगलवार को ग्राम सुरजपुरा एवं कीडवो का झोंपड़ा में विशेष अभियान चलाकर 20 से अधिक अवैध जल संयोजनों को हटाया। विभागीय टीम ने मुख्य पेयजल पाइपलाइन से अवैध रूप से लिए गए जल संयोजनों को मौके पर ही विच्छेदित कर संबंधित व्यक्तियों को दंडात्मक नोटिस जारी किए।
यह कार्रवाई सावर सहायक अभियंता योगेश कटारिया एवं कनिष्ठ अभियंता दीपक कुमार शर्मा के नेतृत्व में की गई। विभाग को लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं कि कुछ लोग मुख्य पेयजल लाइन में अवैध पाइप जोड़कर जल चोरी कर रहे हैं, जिससे गोरधा, पिपलाज सहित आसपास के क्षेत्रों में जलापूर्ति प्रभावित हो रही थी और उपभोक्ताओं को पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा था।
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीन की सहायता से भूमि में दबाई गई अवैध पाइपलाइनों की खुदाई कर उन्हें बाहर निकाला गया तथा नष्ट किया गया। अवैध जल संयोजन लेने वालों के विरुद्ध विभागीय नियमों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई करते हुए जुर्माना नोटिस जारी किए गए तथा भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी दी गई।
विभागीय अधिकारियों ने कहा कि पेयजल की चोरी एवं दुरुपयोग किसी भी स्थिति में सहन नहीं किया जाएगा। आमजन को समान एवं निर्बाध जलापूर्ति उपलब्ध कराने के लिए ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे। विभाग ने नागरिकों से जल संरक्षण करने तथा अवैध जल संयोजनों की सूचना विभाग को देने की अपील की है।