पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने बैठक आयोजित कर की वार्ता लोगों ने अधिशासी अभियंता को सौंपा ज्ञापन
सूरौठ। स्मार्ट हलचल।नगर पालिका क्षेत्र सूरौठ में 3 करोड़ 15 लाख रुपए की लागत से पीडब्ल्यूडी की ओर से बनाई जा रही अटल प्रगति पथ सड़क के निर्माण कार्य में बरती जा रही अनियमितताओं के विरोध में मंगलवार को सर्व समाज के लोगों ने काफी हंगामा किया। पिछले कई दिन से बंद पड़े सडक निर्माण कार्य को जब अनियमितताओं को ठीक किए बिना ही ठेकेदार की लेबर ने शुरू करवाने का प्रयास किया तो कस्बे के लोग भड़क उठे। गुस्साए लोगों ने सड़क को तय माप दंडों एवं सरकार की स्वीकृति के हिसाब से बनाने की मांग को लेकर जमकर विरोध प्रदर्शन किया तथा पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों ने कहा कि जब तक धांधली ठीक नहीं की जाएगी निर्माण कार्य को फिर से शुरू नहीं होने दिया जाएगा। हंगामे की सूचना मिलने पर पीडब्ल्यूडी के हिंडौन अधिशासी अभियंता ललित मीणा, जेईएन ध्यान सिंह गुर्जर एवं ठेकेदार राम हरि शर्मा सूरौठ पहुंचे। पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने बूढंदे बाबा मंदिर परिसर में सर्व समाज के लोगों की बैठक ली। बैठक में लोगों ने निर्माण कार्य में की जा रही धांधली पर नाराजगी जताई। लोगों ने अधिशासी अभियंता को ज्ञापन सौंप कर सरकार की मंजूरी के हिसाब से मापदंडों के अनुसार सड़क को बनवाने की मांग की। बैठक में लट्टे मीणा, मांगी पटेल, सूरौठ ग्राम सेवा सहकारी समिति के अध्यक्ष प्रेमराज मीना, धर्म सिंह मीणा, जल सिंह मीणा पटवारी, अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार सुरक्षा फाउंडेशन के प्रदेश सचिव प्रमोद तिवाड़ी, भाजपा नेता सतेंद्र जाटव, केदार मीणा, रिंकू मीणा, राहुल मीणा, जयसिंह मीणा, श्रीमोहन मीणा, मोहन सतल्ला, राधे मीणा, रोशन खान, मगन मीणा, बॉबी जांगिड़, मनीष प्रजापत, बनिया मीणा, हरकेश मीणा, भीम मंजर, मानसिंह मीणा, शिवराम मीणा आदि ने अधिकारियों को सड़क निर्माण में बरती जा रही अनियमितताओं के बारे में अवगत कराया। लोगों ने बताया कि विभागीय नियमानुसार अटल प्रगति पथ की चौड़ाई 7 मीटर है एवं डेढ़ डेढ़ मीटर दोनों तरफ इंटरलॉकिंग व नालियों का निर्माण कराना है। लेकिन इसकी विपरीत ठेकेदार की ओर से सड़क को कहीं 5 मीटर तो कहीं साढ़े पांच मीटर चौड़ी बनाया जा रहा है। इसके साथ ही सड़क निर्माण में हल्की क्वालिटी का सीमेंट एवं बजरी का उपयोग किया जा रहा है। अभी से कई जगह सड़कों पर दरारें आ चुकी हैं। राजस्थान सरकार ने तीन करोड़ 15 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। लोगों ने बताया कि भरतपुर गंगापुर स्टेट मेगा हाइवे से तहसील कार्यालय होते हुए रेलवे स्टेशन तक अटल प्रगति पथ का निर्माण मंजूर किया गया है लेकिन अधिकारियों ने मनमर्जी से अटल प्रगति पथ का रुट ही बदल दिया है। निर्माण में तकनिकी मापदंडों एवं विभागीय नियमों की अवेहलना की जा रही है। पूर्व में बनी हुई इंटरलॉकिंग सड़क को हटाए बिना ही सीसी सड़क का निर्माण किया जा रहा है निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान नहीं रखा जा रहा है जिससे सड़क बनने से पहले ही जर्जर हो रही है।
