एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।नागौर जिले में चलाए जा रहे “नशा मुक्त नागौर अभियान” के तहत नागौर पुलिस ने नशे के कारोबार से अर्जित संपत्ति के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक तस्कर की लाखों रुपये की संपत्ति फ्रीज करवा दी। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) नागौर श्री आशाराम चौधरी के निर्देशन में की गई।
पुलिस के अनुसार थाना पांचौड़ी क्षेत्र के रामस्वरूप बिश्नोई द्वारा अवैध मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित आय से गांव चावण्डिया में एक आलीशान मकान तथा एक बड़े हॉल का निर्माण करवाया गया था। जांच में सामने आया कि उक्त संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से प्राप्त धन से बनाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 68 एफ के तहत कार्रवाई करते हुए संपत्ति को फ्रीज करवाने की प्रक्रिया शुरू की।
पुलिस की प्रभावी पैरवी और साक्ष्यों के आधार पर सक्षम प्राधिकारी, नई दिल्ली द्वारा फ्रीजिंग आदेश को भी पुष्टि प्रदान कर दी गई। फ्रीज की गई संपत्ति की बाजार कीमत लगभग 37 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रामस्वरूप बिश्नोई एवं उसके साथियों के विरुद्ध पूर्व में की गई कार्रवाई में काले रंग के प्लास्टिक के 51 कट्टों में कुल 801 किलो 600 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया था। जांच में आरोपी को डोडा पोस्त तस्करी का बड़ा कारोबारी पाया गया, जिसने अवैध कमाई से यह संपत्ति खड़ी की थी।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने उक्त मकान और हॉल अपनी माता के नाम करवा रखे थे, ताकि संपत्ति को कानूनी कार्रवाई से बचाया जा सके। हालांकि पुलिस की गहन जांच और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर संपत्ति को फ्रीज कराने में सफलता मिली।
नागौर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे का कारोबार कर समाज को नुकसान पहुंचाने वाले अपराधियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। इस पूरी कार्रवाई में थाना पांचौड़ी पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसकी जिलेभर में सराहना की जा रही है।
