औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप, मानकों में कमी मिलने पर मांगा जवाब
खखरेरू /स्मार्ट हलचल।फतेहपुर क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित अस्पतालों, नर्सिंग होम और झोलाछाप चिकित्सकों के खिलाफ स्वास्थ्य विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खखरेरू के चिकित्सा अधीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम ने विभिन्न गांवों और कस्बों में संचालित क्लीनिकों एवं नर्सिंग होमों का औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर अनियमितताएं मिलने पर 14 क्लीनिक संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कुल्ली, घरवासीपुर, चकीवा, खखरेरू, रक्षपालपुर और लोहाबाबा सहित विभिन्न क्षेत्रों में संचालित पॉलीक्लीनिक, नर्सिंग होम और क्लीनिकों का निरीक्षण किया। अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के क्लीनिक संचालकों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण के दौरान दस्तावेजों और मानकों की जांच की गई। जांच में न्यू लीलावती क्लीनिक का पंजीकरण पूरी तरह वैध पाया गया। वहीं लाइफ लाइन हेल्थ केयर सेंटर, लाइफ लाइन क्लीनिक तथा आर.के. मेमोरियल खखरेरू के पंजीकरण अभिलेख भी सही पाए गए। इसके अलावा लाइफ केयर पैथोलॉजी खखरेरू भी विधिवत पंजीकृत मिली।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार आलम क्लीनिक का पंजीकरण नवीनीकरण प्रक्रिया में है और इसके अगले कुछ दिनों में पूर्ण होने की संभावना है। वहीं अन्य कई क्लीनिकों में आवश्यक मानकों एवं अभिलेखों से संबंधित कमियां पाए जाने पर 14 संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।
चिकित्सा अधीक्षक ने कहा कि बिना वैध पंजीकरण और आवश्यक अर्हता के किसी भी अस्पताल, नर्सिंग होम अथवा क्लीनिक का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा तथा आवश्यकता पड़ने पर सीलिंग और कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
