रूपनगर में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: वर्षों से बंद पड़ा सार्वजनिक मार्ग हुआ बहाल

एजाज़ अहमद उस्मानी।

स्मार्ट हलचल।जिला प्रशासन नागौर द्वारा चलाए जा रहे “रास्ता खोलो अभियान” के तहत जायल तहसील के ग्राम रूपनगर में वर्षों पुराने अतिक्रमण को हटाकर एक महत्वपूर्ण सार्वजनिक रास्ते को आमजन के लिए पुनः खोल दिया गया। इस कार्रवाई से ग्रामीणों को आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार ग्राम रूपनगर स्थित खसरा संख्या 568 में दर्ज गैर मुमकिन रास्ता, जो बरनानाडा से बालाजीनगर होते हुए खसरा संख्या 567 एवं 634 तक जाता है, लंबे समय से कच्चे अतिक्रमण की चपेट में था। करीब एक किलोमीटर से अधिक लंबे और पर्याप्त चौड़ाई वाले इस मार्ग के बाधित होने से ग्रामीणों को रोजमर्रा के आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
जिला कलेक्टर देवेंद्र कुमार के निर्देश एवं उपखंड अधिकारी जायल के मार्गदर्शन में तहसीलदार जायल के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर आपसी सहमति एवं समझाइश के माध्यम से अतिक्रमण हटवाया गया।
मार्ग खुलने के बाद क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से बंद पड़े रास्ते के खुलने से अब आवागमन सुगम हो गया है और समय की भी बचत होगी। प्रशासन की इस पहल को ग्रामीणों ने जनहित में उठाया गया सराहनीय कदम बताया है।
“रास्ता खोलो अभियान” के तहत जिले में सार्वजनिक रास्तों से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आमजन को उनके वैध मार्गों का लाभ मिल रहा है।