जारोड़ा के युवाओं की अनूठी पहल: सार्वजनिक प्याऊ में लगवाया वाटर कूलर, राहगीरों को मिलेगी गर्मी से राहत

एजाज़ अहमद उस्मानी।

स्मार्ट हलचल।भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के बीच मेड़ता रोड के निकटवर्ती गांव जारोड़ा के युवाओं ने सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए गांव की सार्वजनिक प्याऊ में वाटर कूलर लगवाया है। युवाओं की इस पहल से अब गांववासियों सहित राहगीरों को भी ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
गांव के युवाओं ने आपसी सहयोग से राशि एकत्रित कर करीब 27 हजार रुपये की लागत से वाटर कूलर खरीदकर सार्वजनिक प्याऊ में स्थापित कराया। गर्मी के मौसम में राहगीरों और आमजन को ठंडे पानी की सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह कदम उठाया गया है।
युवाओं ने बताया कि इन दिनों क्षेत्र में भीषण गर्मी पड़ रही है और तापमान लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था करना मानव सेवा का महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने कहा कि “जल सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं है और भीषण गर्मी में प्यासे व्यक्ति को पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य माना जाता है।”
वाटर कूलर लगने से गांव में आने-जाने वाले राहगीरों, किसानों, मजदूरों तथा अन्य लोगों को गर्मी के दौरान काफी राहत मिलेगी। ग्रामीणों ने युवाओं की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाजहित में किए गए ऐसे कार्य दूसरों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी गांव के युवा इसी तरह सामाजिक और जनकल्याणकारी कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाते रहेंगे। जारोड़ा के युवाओं की यह पहल सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आई है।