मेड़ता रोड–ढावा जलापूर्ति लाइन में अवैध कनेक्शन पकड़ा, विभाग ने हटाया, कहा एफआईआर भी होगी दर्ज

एजाज़ अहमद उस्मानी

स्मार्ट हलचल।जलदाय विभाग ने अवैध जल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बुधवार को मेड़ता रोड पम्प हाउस से ढावा उच्च जलाशय तक जाने वाली 150 एमएम राइजिंग पाइपलाइन पर किया गया एक अवैध कनेक्शन हटाया। विभागीय जांच में यह अवैध कनेक्शन भेरा राम भाकल निवासी ढावा के नाम से पाया गया, जिसे मौके पर ही हटाकर पाइपलाइन को पुनः व्यवस्थित किया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम ढावा में लंबे समय से अवैध जल कनेक्शनों की शिकायतें विभाग को प्राप्त हो रही थीं। शिकायतों के आधार पर जलदाय विभाग की टीम ने जांच अभियान चलाया, जिसमें मुख्य जलापूर्ति लाइन से किया गया अवैध कनेक्शन पकड़ा गया। विभाग का कहना है कि ऐसे अवैध कनेक्शनों के कारण जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है तथा अन्य उपभोक्ताओं को पर्याप्त पानी नहीं मिल पाता।
एईएन निशा बुगालिया ने बताया कि विभाग द्वारा अवैध जल कनेक्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। बुधवार को पकड़े गए अवैध कनेक्शन को तत्काल प्रभाव से हटाया गया है। उन्होंने कहा कि ग्राम ढावा सहित अन्य क्षेत्रों में भी जांच अभियान जारी रहेगा और जहां कहीं भी अवैध कनेक्शन पाए जाएंगे, उन्हें हटाया जाएगा।
बुगालिया ने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध रूप से जलापूर्ति लाइन से कनेक्शन लेने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी तथा नियमानुसार जुर्माना भी वसूला जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे वैध प्रक्रिया के तहत ही जल कनेक्शन लें और जलदाय विभाग को अवैध कनेक्शनों की जानकारी देकर सहयोग करें।
विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध जल कनेक्शन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि जल संसाधनों के संरक्षण और सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी ऐसे अभियान लगातार चलाए जाएंगे।