12 साल बाद हटाया गया अतिक्रमण, राजस्व टीम ने पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में की कार्रवाई

अलकेश पारीक

स्मार्ट हलचल।ग्राम कांस्या स्थित पटवारी हल्का बांकरा के बिलानाम आराजी नंबर 1036/978 पर करीब 12 वर्षों से किए गए अवैध अतिक्रमण को बुधवार को प्रशासन ने हटवा दिया। तहसीलदार जहाजपुर के आदेश पर नायब तहसीलदार खजूरी के नेतृत्व में राजस्व टीम एवं पुलिस जाब्ते की मौजूदगी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
तहसीलदार कार्यालय जहाजपुर द्वारा जारी आदेश के अनुसार अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष राजस्व टीम का गठन किया गया था नायब तहसीलदार बद्रीलाल मीणा की मौजूदगी में टीम में पटवारी आदेश कुमार मीणा, नारायण लाल धाकड़ एवं इस्लाम हुसैन शामिल रहे। टीम ने मौके पर पहुंचकर सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की विवाद की स्थिति से निपटने एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस थाना शक्करगढ़ से सहायक उपनिरीक्षक दिनेश कुमार, हेड कांस्टेबल सियाराम मीणा, कांस्टेबल छोटूराम, संदीप एवं सुरेश कुमार सहित पुलिस जाब्ता मौजूद रहा। वहीं ग्राम पंचायत द्वारा जेसीबी मशीन उपलब्ध करवाई गई, जिसकी सहायता से अतिक्रमण हटाया गया।
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे तथा भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई जारी रहेगी