एजाज़ अहमद उस्मानी।
मेड़ता रोड। स्मार्ट हलचल।उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा मेड़ता रोड-डेगाना रेलखंड के रेन एवं जालसू स्टेशनों के बीच रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य के लिए ट्रैफिक ब्लॉक लिया जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते रेल यातायात पर प्रभाव पड़ेगा तथा कुछ रेल सेवाओं के संचालन समय में बदलाव किया गया है।
मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने बताया कि आरयूबी निर्माण कार्य को सुरक्षित एवं सुचारू रूप से पूरा करने के लिए निर्धारित ब्लॉक लिया जा रहा है। इसके कारण गाड़ी संख्या 19720 सूरतगढ़-जयपुर रेल सेवा को रीशेड्यूल किया गया है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार यह ट्रेन 4 जून 2026 को सूरतगढ़ स्टेशन से अपने निर्धारित समय की बजाय एक घंटे की देरी से प्रस्थान करेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पूर्व ट्रेन की अद्यतन स्थिति की जानकारी प्राप्त कर लें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद रेल परिचालन को और अधिक सुरक्षित एवं सुगम बनाया जा सकेगा। यात्रियों की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
