रात्रि चौपाल में जिला कलेक्टर ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, मौके पर ही स्वीकृत किए पानी के टैंकर

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण और प्रशासन को सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से मसूदा पंचायत समिति की ग्राम पंचायत नाडी में एक भव्य रात्रि चौपाल और जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिला कलेक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में आयोजित इस चौपाल में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। ग्रामीणों ने पेयजल, बिजली, सड़क, राजस्व, शिक्षा और जनकल्याणकारी योजनाओं से जुड़े अपने अभाव-अभियोग और सुझाव कलेक्टर के सामने रखे।

पेयजल संकट पर तुरंत एक्शन, मौके पर टैंकर स्वीकृत जनसुनवाई के दौरान कुल 25 मामले सामने आए, जिनमें से 4 मामलों का मौके पर ही निपटारा कर दिया गया। चौपाल में जब ग्रामीणों ने पानी की किल्लत की शिकायत की, तो जिला कलेक्टर ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने मौके पर ही मौजूद पीएचईडी (PHED) के सहायक अभियंता को निर्देश देकर तुरंत पानी के टैंकर स्वीकृत करवाए। प्रशासन की इस त्वरित कार्रवाई से ग्रामीणों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने कलेक्टर का आभार जताया।

अधिकारियों को सख्त निर्देश: लापरवाही बर्दाश्त नहीं शेष बचे मामलों के समयबद्ध निस्तारण के लिए जिला कलेक्टर कमल राम मीना ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचना चाहिए। कलेक्टर ने दो टूक शब्दों में कहा:

“आमजन को राहत पहुंचाना प्रशासन की पहली प्राथमिकता है। सभी अधिकारी जनसमस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता, जवाबदेही और समयबद्धता सुनिश्चित करें।”

जल संरक्षण का दिलाया संकल्प इस मौके पर ग्रामीणों को पानी के महत्व को समझाने और जल स्रोतों को बचाने के लिए “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” के तहत जल संरक्षण का संकल्प भी दिलाया गया।

यह अधिकारी रहे मौजूद इस रात्रि चौपाल के दौरान ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद हुआ। कार्यक्रम में उपखण्ड अधिकारी दीपशिखा, विकास अधिकारी संदेश पाराशर, तहसीलदार रामप्रसाद चौधरी सहित विभिन्न सरकारी विभागों के आला अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।