सीकर। स्मार्ट हलचल।राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह, बाल अधिकारिता विभाग, पालवास रोड, सीकर परिसर में बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय निर्दोष बाल पीड़ित दिवस का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल बृजेन्द्र सिंह रूलानिया एवं एसीएडीसी परमजीत सिंह उपस्थित रहे। साथ ही बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अंकुर बहड़, सदस्य बिहारी लाल बालान, किशोर न्याय बोर्ड सदस्य सरोज देवी, गृह काउंसलर धर्मपाल जाट एवं विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
चीफ लीगल एड डिफेंस काउंसिल बृजेन्द्र सिंह रूलानिया ने कहा कि यह दिवस केवल स्मरण का दिन नहीं, बल्कि मानवता को अपनी जिम्मेदारियों का अहसास कराने का अवसर है। उन्होंने कहा कि निर्दोष बच्चों के साथ होने वाली हिंसा समाज के लिए कलंक है।
बाल कल्याण समिति अध्यक्ष अंकुर बहड़ व सदस्य बिहारी लाल बालान ने कहा कि बालश्रम, मानव तस्करी, शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न जैसे अपराधों के विरुद्ध केवल कठोर कानून पर्याप्त नहीं हैं। इनका प्रभावी क्रियान्वयन और सामाजिक जागरूकता भी उतनी ही आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में राजकीय सम्प्रेक्षण एवं किशोर गृह की अधीक्षक रूकमणी गढ़वाल ने समस्त न्यायविदों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी किशोर बालकों को शिक्षा, स्वास्थ्य एवं सम्मान के साथ जीवन जीने तथा अपराध की पुनरावृत्ति न करने की प्रतिज्ञा दिलाई। साथ ही बालकों के प्रति प्रेम और करुणा का भाव प्रकट किया।
मंच संचालन सोशल वर्कर देवीलाल जाट ने किया।
