ब्यावर पुलिस की बड़ी कामयाबी, 165 किलो डोडा पोस्त तस्करी का मुख्य आरोपी ताराचंद गिरफ्तार; 3 महीने से था फरार

अनिल कुमार

ब्यावर।स्मार्ट हलचल।ब्यावर जिला पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। बर थाना पुलिस ने एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के मामले में पिछले तीन महीने से फरार चल रहे ₹2,000 के इनामी और थाने के टॉप-10 वांछित अपराधियों में शामिल तस्कर ताराचंद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर पहले भी नागौर जिले के गोटन थाने में मादक पदार्थों की तस्करी का मामला दर्ज है।

क्रेटा में छिपा रखा था 165 किलो डोडा पोस्त, पुलिस को देख हुए थे फरार
मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि गत 1 मार्च 2026 को एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) पाली और रायपुर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से जस्साखेड़ा से कालब कलां रास्ते पर नाकाबंदी की थी। इस दौरान जस्साखेड़ा की तरफ से आ रही एक क्रेटा कार (नंबर RJ 27 CH 1177) को जब पुलिस ने रुकवाने का प्रयास किया, तो उसमें सवार आरोपी ताराचंद और उसका साथी महेंद्र जाट पुलिस को देखकर गाड़ी भगा ले गए।

पुलिस ने जब पीछा किया तो आरोपी रास्ते में ही क्रेटा गाड़ी को छोड़कर, पीछे से आ रही अपनी एक अन्य एस्कॉर्ट कार में सवार होकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने जब लावारिस छूटी क्रेटा गाड़ी की तलाशी ली, तो उसमें से 165.100 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद हुआ। इस पर पुलिस ने थाना बर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

तकनीकी विश्लेषण से जाल बिछाकर दबोचा
फरार चल रहे आरोपी ताराचंद की गिरफ्तारी के लिए ब्यावर एसपी रतनसिंह (IPS) और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया के निर्देश पर बर थानाधिकारी पन्नालाल (उप निरीक्षक) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। पुलिस टीम ने साइबर सेल की मदद से आरोपी के तकनीकी डाटा का विश्लेषण किया और मुखबिरों को सक्रिय किया। पुख्ता सूचना मिलते ही टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर आरोपी ताराचंद (34 वर्ष) पुत्र हरजीराम जाट, निवासी बैडकला (जैतारण) को धर दबोचा।

इस सफल कार्रवाई में बर थानाधिकारी पन्नालाल, कांस्टेबल गिरधारी (नंबर 601) और कांस्टेबल महिपाल (नंबर 543) की मुख्य भूमिका रही। पुलिस अब आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है ताकि डोडा पोस्त की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य नेटवर्क और उसके फरार साथी महेंद्र का पता लगाया जा सके।