एजाज़ अहमद उस्मानी।
स्मार्ट हलचल।मेड़ता रोड क्षेत्र में जलदाय विभाग द्वारा पकड़े गए अवैध जल कनेक्शन मामले में अब विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए पुलिस कार्रवाई भी शुरू कर दी है। इस संबंध में विभाग की ओर से भेरुराम पुत्र भवरुराम भाकर निवासी ढावा के खिलाफ कुचेरा पुलिस थाना में एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
यह मामला मेड़ता रोड पम्प हाउस से ढावा उच्च जलाशय तक जाने वाली 150 एमएम राइजिंग पाइपलाइन में किए गए अवैध जल कनेक्शन से जुड़ा है। विभागीय जांच में सामने आया था कि मुख्य जलापूर्ति लाइन से बिना अनुमति पानी लिया जा रहा था, जिससे सरकारी जल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका थी।
अवैध कनेक्शन सामने आने के बाद जलदाय विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कनेक्शन को तत्काल प्रभाव से हटा दिया था और पाइपलाइन को पुनः व्यवस्थित किया था। इसके बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की गई।
एईएन निशा बुगालिया ने बताया कि अवैध जल कनेक्शन जैसे मामलों में विभाग पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि जल संसाधनों की चोरी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
