टोल वसूली फुल, सड़क हुई धूल! NH-148D पर ‘मौत के स्पीड ब्रेकर’ बने राहगीरों के लिए आफत

जहाजपुर | हाईवे अलर्ट | जनसमस्या

टोल वसूली फुल, सड़क हुई धूल! NH-148D पर ‘मौत के स्पीड ब्रेकर’ बने राहगीरों के लिए आफत

जहाजपुर क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर जर्जर अवरोधक और गहरे गड्ढे दे रहे हादसों को न्योता; डामर उखड़ने से अनियंत्रित हो रहे तेज रफ्तार वाहन, दोपहिया चालक सबसे ज्यादा चोटिल
विशेष ग्राउंड रिपोर्ट: अलकेश पारीक (जहाजपुर)

जहाजपुर, 5 जून। एक तरफ टोल कंपनी धड़ल्ले से टोल वसूल रही है, दूसरी तरफ हाईवे पर बने स्पीड ब्रेकर वाहन चालकों की जान पर भारी पड़ रहे हैं। हम बात कर रहे हैं जहाजपुर से गुजरने वाले NH-148D की, जहां स्पीड ब्रेकर अब सुरक्षा नहीं बल्कि हादसों का कारण बनते जा रहे हैं।

जहाजपुर क्षेत्र के नेशनल हाईवे-148D पर बने स्पीड ब्रेकर वर्तमान में पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं। इनका डामर उखड़ चुका है और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। नेशनल हाईवे पर चलने वाले तेज रफ्तार वाहन इन क्षतिग्रस्त अवरोधकों पर पहुंचते ही अचानक अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे वाहनों के पलटने का खतरा बना रहता है।

दोपहिया वाहन चालक हो रहे दुर्घटनाओं का शिकार:

इस मार्ग पर सबसे ज्यादा परेशानी दोपहिया वाहन चालकों को उठानी पड़ रही है। उखड़े हुए डामर और गिट्टियों के कारण आए दिन लोग यहां फिसल रहे हैं, गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि टोल वसूली में तो कंपनी की ओर से कोई कमी नहीं की जा रही, लेकिन सड़क की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह भगवान भरोसे छोड़ दी गई है। इसके बावजूद जिम्मेदार एजेंसियां आंखें मूंदे बैठी हैं।

स्थानीय नागरिकों और राहगीरों ने प्रशासन से मांग की है कि टोल कंपनी को पाबंद कर इन जानलेवा स्पीड ब्रेकरों को तुरंत दुरुस्त करवाया जाए। अब सवाल यह है कि आखिर जिम्मेदार विभाग और टोल कंपनी की नींद कब खुलेगी? क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है या फिर समय रहते इन अवरोधकों की सुध ली जाएगी?