तेज अंधड़ और बारिश के बाद मेड़ता रोड में बिजली व्यवस्था चरमराई,

 

सात घंटे तक अंधेरे में डूबे रहे कस्बेवासी।

मेड़ता रोड
एजाज़ अहमद उस्मानी।

स्मार्ट हलचल।मेड़ता रोड सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में गुरुवार देर रात मौसम ने अचानक करवट ली। तेज हवा के साथ आए अंधड़ और उसके बाद हुई बारिश से जहां एक ओर गर्मी से राहत मिली और मौसम सुहावना हो गया, वहीं दूसरी ओर बिजली व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई।
बारिश के चलते नाड़ी और तालाबों में पानी की आवक होने से पशु-पक्षियों को बड़ी राहत मिली। लंबे समय से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच यह बारिश पेड़-पौधों के लिए भी जीवनदायिनी साबित हुई।
हालांकि रात करीब 1 बजे तेज अंधड़ के कारण बिजली लाइनों में फॉल्ट हो गया, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। इसके बाद ग्रामीणों को पूरी रात अंधेरे में गुजारनी पड़ी और काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
बिजली विभाग की टीम की ओर से मरम्मत कार्य के बाद सुबह करीब साढ़े 8 बजे विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सकी। करीब सात से साढ़े सात घंटे तक बिजली बंद रहने से आम जनजीवन प्रभावित रहा।