*पोंधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का लिया संकल्प, प्रशासनिक अधिकारी भी रहें मौजूद*

जितेन्द्र गौड़

लाखेरी – स्मार्ट हलचल।विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर लाखेरी में पर्यावरण संरक्षण और हरियाली बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। मां नाना देवी मंदिर परिसर में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान सरकार के पूर्व मंत्री बाबूलाल वर्मा, पूर्व जिला परिषद सदस्य रामबाबू शर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष नवीन यादव, उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी तथा नगर पालिका अधिशासी अधिकारी नरेश राठौर ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरणीय असंतुलन को देखते हुए वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बन गया है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे प्रकृति के अनमोल उपहार हैं, जो मानव जीवन को स्वच्छ हवा, शुद्ध वातावरण और बेहतर भविष्य प्रदान करते हैं। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताते हुए पौधों की सुरक्षा और देखभाल का संकल्प लिया। मंदिर परिसर में लगाए गए पौधों को संरक्षित रखने का जिम्मा भी स्थानीय नागरिकों ने उठाया।
इसी क्रम में स्थानीय नगर पालिका द्वारा भी विश्व पर्यावरण दिवस पर विशेष पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह आयोजित कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी सुरेंद्र सिंह चौधरी एवं अधिशाषी अधिकारी नरेश राठौर ने पौधारोपण कर हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। इस दौरान उपखंड अधिकारी ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को पर्यावरण संरक्षण तथा प्लास्टिक के उपयोग से बचने की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी देवेंद्र कुमार शर्मा, नगर पालिका कनिष्ठ अभियंता दिनेश मीणा, रामवीर गुर्जर, उमेश शर्मा, नगर पालिका के कर्मचारी, नरेगा मजदूर एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। वरिष्ठ पत्रकार राजेश तंवर ने भी कार्यक्रम में सहभागिता निभाई।
विश्व पर्यावरण दिवस पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने लोगों को प्रकृति संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया। उपस्थित जनसमूह ने पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने तथा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण तैयार करने का संकल्प लिया।