निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल:
एन एच -458 के नाले पहली बारिश में ही टूटे।
मेड़ता रोड
एजाज़ अहमद उस्मानी।
स्मार्ट हलचल।जसनगर कस्बे के बालाजी नगर की ओर जाने वाले मुख्य राष्ट्रीय राजमार्ग-458 पर वर्षा जल निकासी व्यवस्था पहली ही बारिश में ही धराशायी हो गई। आरएसआरडीसी विभाग द्वारा हाल ही में बनाए गए नाले कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गए, जिससे बारिश का पानी सीधे सड़क पर बहने लगा और यातायात प्रभावित हो गया।
तेज बारिश के बाद नालों के टूटने और क्षतिग्रस्त होने से जल निकासी पूरी तरह बाधित हो गई। इसके चलते सड़क पर भारी मात्रा में पानी जमा हो गया, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर जलभराव इतना अधिक हो गया कि आवागमन भी धीमा पड़ गया।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि नालों का निर्माण कुछ समय पहले ही किया गया था, लेकिन पहली ही अच्छी बारिश ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों ने आरोप लगाया कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिसके कारण यह स्थिति बनी।
ग्रामीणों ने चिंता जताई कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त नालों की मरम्मत नहीं करवाई गई तो आगामी बारिशों में हालात और बिगड़ सकते हैं। लगातार सड़क पर पानी बहने से NH-458 की सड़क सतह को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और आरएसआरडीसी विभाग से मामले की तत्काल जांच कराने, दोषी ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा नालों की शीघ्र मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की है।
