बिजयनगर में राहगीरों पर तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा

अनिल कुमार

बिजयनगर (ब्यावर)। स्मार्ट हलचल।ब्यावर जिला पुलिस अधीक्षक रतन सिंह (IPS) के निर्देशानुसार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनिया व मसूदा वृताधिकारी जयसिंह के सुपरविजन में बिजयनगर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने क्षेत्र में राहगीरों पर सरेआम तलवार लहरा कर दहशत फैलाने वाले एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

बिजयनगर थानाधिकारी करण सिंह ने बताया कि दिनांक 04 जून 2026 को पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि शिखरानी रोड स्थित गोपाल बाड़ी कब्रिस्तान के सामने एक व्यक्ति हाथ में नंगी तलवार लेकर आने-जाने वाले राहगीरों को डरा-धमका रहा है, जिससे इलाके में डर का माहौल है।

घेराबंदी कर पुलिस ने दबोचा, आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज
सूचना मिलते ही हेड कांस्टेबल गोपीराम, कांस्टेबल गजेंद्र सिंह और कांस्टेबल विजय सिंह की टीम प्राइवेट वाहन से तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस टीम ने सूझबूझ दिखाते हुए आरोपी को चारों तरफ से घेरा और कड़ी मशक्कत के बाद उसे काबू में कर लिया। पुलिस ने मौके पर ही आरोपी के कब्जे से तलवार को जब्त किया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान श्रवण गुर्जर (उम्र 50 वर्ष) पुत्र श्री गोकुल गुर्जर (निवासी: शीतला माता मंदिर के पास, इंदिरा कॉलोनी, बिजयनगर) के रूप में हुई है। जब पुलिस ने आरोपी से तलवार का लाइसेंस मांगा, तो वह कोई भी वैध दस्तावेज नहीं दिखा पाया। इसके बाद पुलिस ने आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बिजयनगर थाने में आरोपी के खिलाफ प्रकरण संख्या 217/2026, धारा 4/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान (जांच) शुरू कर दिया गया है।

इस टीम ने निभाई मुख्य भूमिका:
बदमाश को दबोचने वाली सजग पुलिस टीम में ये जांबाज शामिल रहे:

करण सिंह (थानाधिकारी, पुलिस निरीक्षक),गोपीराम (हेड कांस्टेबल 82),गजेंद्र सिंह (कांस्टेबल 389),विजय सिंह (कांस्टेबल 428)