RPSC ने लेक्चरर-कोच परीक्षा की मॉडल उत्तर कुंजियां जारी कीं, वरिष्ठ अध्यापक संस्कृत की मुख्य सूची भी आई

(हरिप्रसाद शर्मा)

अजमेर/ स्मार्ट हलचल।राजस्थान लोक सेवा आयोग ने लेक्चरर एंड कोच (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 के छह विषयों की मॉडल उत्तर कुंजियां जारी कर दी हैं। वहीं वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के संस्कृत विषय की मुख्य सूची भी जारी की गई है। दोनों से संबंधित विस्तृत जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।

 

लेक्चरर एंड कोच परीक्षा-2025 की मॉडल उत्तर कुंजियां जारी
आयोग के मुख्य परीक्षा नियंत्रक आशुतोष गुप्ता ने बताया कि लेक्चरर एंड कोच (माध्यमिक शिक्षा विभाग) परीक्षा-2025 के अंतर्गत जनरल अवेयरनेस एंड जनरल साइंस (ग्रुप-ए), हिंदी, इतिहास, अंग्रेजी, कॉमर्स एवं केमिस्ट्री विषयों की मॉडल उत्तर कुंजियां जारी कर दी गई हैं। यदि किसी अभ्यर्थी को इन मॉडल उत्तर कुंजियों पर आपत्ति है, तो वह 6 से 8 जून 2026 की रात 12 बजे तक निर्धारित शुल्क के साथ ऑनलाइन आपत्ति दर्ज करा सकता है।

अभ्यर्थियों को आपत्तियां आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मॉडल प्रश्न पत्र के क्रम के अनुसार ही दर्ज करनी होंगी। आपत्ति के साथ प्रामाणिक एवं मानक पुस्तकों के प्रमाण संलग्न करना अनिवार्य होगा। प्रमाण के अभाव में आपत्तियों पर विचार नहीं किया जाएगा। आयोग ने प्रति प्रश्न 100 रुपये (सेवा शुल्क अतिरिक्त) आपत्ति शुल्क निर्धारित किया है। शुल्क का भुगतान एसएसओ पोर्टल के माध्यम से किया जा सकेगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि आपत्ति शुल्क वापस नहीं किया जाएगा तथा केवल ऑनलाइन प्राप्त आपत्तियों पर ही विचार किया जाएगा।

संस्कृत विषय की मुख्य सूची जारी
इसके साथ ही आयोग ने वरिष्ठ अध्यापक (माध्यमिक शिक्षा) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के संस्कृत विषय की मुख्य सूची भी जारी कर दी है। आयोग सचिव के अनुसार विचारित सूची में शामिल अभ्यर्थियों की पात्रता जांच और दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया संबंधित विभाग द्वारा पूरी की गई। जांच के बाद विज्ञापित पदों के विरुद्ध 308 अभ्यर्थियों को मुख्य सूची में सफल घोषित किया गया है। आयोग ने अभ्यर्थियों से संबंधित जानकारी और परिणाम देखने के लिए आधिकारिक वेबसाइट का अवलोकन करने की अपील की है।