* 55 पट्टियों के कथित गायब होने की जांच अभी अधूरी-अब बची हुई आधा दर्जन पट्टियां भी लापता-सहादत नगर स्कूल विवाद ने फिर पकड़ा तूल,
* स्कूल शाला प्रबंधन समिति ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई
शिवराज बारवाल मीना
टोंक/उनियारा । स्मार्ट हलचल।उनियारा उपखंड क्षेत्र के सहादत नगर स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय की सरकारी संपत्ति से जुड़ा विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। विद्यालय के पुराने भवन से मई-जून 2022 में नए भवन निर्माण कार्य के दौरान उतारी गई करीब 60 पत्थर की पट्टियों में से बची हुई आधा दर्जन के करीब टूटी पट्टियां भी हाल ही में गायब होने का दावा किया गया है। इससे पहले से चल रहे स्कूल संपत्ति विवाद ने नया मोड़ ले लिया है। जानकारी के अनुसार वर्ष 2022 में ग्राम पंचायत बिलौता द्वारा विद्यालय के नए भवन निर्माण के दौरान पुराने भवन से करीब 60 पत्थर की पट्टियां उतारी गई थीं। शाला प्रबंधन समिति का आरोप है कि इनमें से 55 से अधिक पट्टियां कथित रूप से गायब कर दी गईं तथा उनका नियमों के विपरीत निस्तारण अथवा विक्रय किया गया। इस पूरे प्रकरण की जांच विभिन्न स्तरों पर पहले से जारी है। शिकायतकर्ता विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं अन्य सदस्यों का आरोप है कि मामले में तत्कालीन सरपंच सुरेश मीणा तथा तत्कालीन ग्राम विकास अधिकारी जसराम मीणा की संदिग्ध भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि संबंधित पक्षों की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है तथा आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।स्थानीय ग्रामीणों एवं अभिभावकों का यह भी आरोप है कि मामले की जांच के दौरान ग्राम पंचायत बिलौता, पंचायत समिति तथा शिक्षा विभाग के कुछ जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा विरोधाभासी एवं गोलमोल जवाब देकर वास्तविक स्थिति को स्पष्ट नहीं होने दिया जा रहा है। वहीं संबंधित विभागों का कहना है कि मामले की जांच प्रक्रिया जारी है। इसी बीच अब नया विवाद विद्यालय परिसर के पीछे खुले में पड़ी बची हुई पट्टियों के गायब होने को लेकर सामने आया है। विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के पदाधिकारियों का दावा है कि परिसर में रखी करीब आधा दर्जन टूटी हुई पट्टियां भी हाल ही में चोरी हो गई हैं। इसकी जानकारी शाला प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों द्वारा विद्यालय के प्रधानाध्यापक युवराज चंदेल को फोन कर सूचना दे दी गई है। समिति का कहना है कि मामले में जल्द ही अज्ञात चोरों के विरुद्ध पुलिस थाना अलीगढ़ में रिपोर्ट दर्ज करवाई जाएगी। विद्यालय प्रबंधन समिति (SMC) के पदाधिकारियों ने पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी एवं उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए कहा है कि स्कूल की सरकारी संपत्ति के लगातार गायब होने के मामलों से ग्रामीणों में भारी रोष व्याप्त है। समिति ने हाल ही में गायब हुई पट्टियों का पता लगाकर अज्ञात चोरों को चिन्हित करने तथा दोषी पाए जाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि राजकीय विद्यालय की पट्टियों के कथित रूप से गायब होने का मामला पिछले कई वर्षों से विभिन्न विभागों में विचाराधीन है। सूत्रों के अनुसार जांच पूरी होने के बाद संबंधित व्यक्तियों की जिम्मेदारी तय होने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की संभावना है। फिलहाल ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति की निगाहें जांच रिपोर्ट तथा प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
