रणवीर सिंह चौहान
भवानीमंडी नगर से 158 वां नेत्रदान
भवानी मंडी|स्मार्ट हलचल/दुख की घड़ी में भी दूसरों के जीवन में उजाला भरने का एक प्रेरणादायक उदाहरण भवानीमंडी नगर में फिर से सामने आया है, क्षेत्र के हजारों ग्रामीण लोगों को सीमित खर्चों में तीर्थ यात्रा करवाने वाले बद्रीलाल गुप्ता का शनिवार को एक दुर्घटना में देहांत हो गया, अत्यंत दुख के समय में भी परिवार के द्वारा साहसिक निर्णय लेकर उनका नेत्रदान करवाया गया, यह नगर से 158 वां नेत्रदान हुआ है।
भारत विकास परिषद एवं शाइन इंडिया फाउंडेशन के नेत्रदान संयोजक कमलेश गुप्ता दलाल ने बताया कि मेड़तवाल समाज अध्यक्ष राधेश्याम गुप्ता के भतीजे बद्रीलाल गुप्ता मोटरसाइकिल से झालरापाटन जा रहे थे, रास्ते में अज्ञात वाहन से दुर्घटनाग्रस्त होने पर गंभीर स्थिति में उनको झालावाड़ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया परंतु रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया, अप्रत्याशित हादसे से स्तब्ध पुत्र श्रीनाथ, केदार एवं नंदकिशोर ने इस गहरे शोक में भी मानवता का परिचय देते हुए पिता के नेत्रदान का परोपकारी निर्णय लिया एवं पार्षद राजकुमार गुप्ता की सूचना पर कोटा से शाइन इंडिया फाउंडेशन की टीम ने ज्योति-रथ से भवानीमंडी पहुंचकर उपस्थित परिवारजनों के सामने नेत्रदान प्रक्रिया संपादित करके कॉर्निया प्राप्त किया। नेत्रदान प्रक्रिया में लक्ष्मीनारायण, अजय, रामकिशन, पुरुषोत्तम, कैलाश, जयप्रकाश गुप्ता एवं डॉ मयंक जैन आदि ने सहयोग किया। ईबीएसआर के बीबीजे चैप्टर कोऑर्डिनेटर डॉ कुलवंत गौड़ के अनुसार नेत्रदानी बद्रीलाल गुप्ता का कॉर्निया अच्छा पाया गया है, जिसे आई बैंक जयपुर भिजवा दिया गया है जहां यह दो नेत्रहीनों को नई ज्योति प्रदान कर सकेगा।
समाज उपाध्यक्ष गोविंद गुप्ता ने आगे और बताया कि बद्रीलाल गुप्ता एक तीर्थ यात्रा कंपनी का संचालन करते हुए, न्यूनतम खर्चों पर नगर, समाज और क्षेत्र के हजारों लोगों को देश के विभिन्न धार्मिक स्थानो की यात्रा करवा रहे थे एवं उनके निधन का समाचार जैसे ही क्षेत्र में प्रसारित हुआ हजारों धर्मावलम्बियों ने गहरा शोक प्रकट किया।
कमलेश गुप्ता दलाल के अनुसार यह भवानीमंडी नगर से 158 वां नेत्रदान है।
