एजाज़ अहमद उस्मानी
स्मार्ट हलचल।मेड़ता रोड के बाईपुरा क्षेत्र स्थित बाबा रामदेव मंदिर के पास वार्ड नंबर 22 में नगर पालिका प्रशासन की लापरवाही एक बार फिर सामने आई है। क्षेत्र में जेसीबी मशीन द्वारा नाले की सफाई कार्य तो कर दिया गया, लेकिन उसके बाद नाले की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार सफाई कार्य के दौरान जेसीबी मशीन से नाले पर रखी गई पट्टियां टूट गई थीं, जिससे नाला पूरी तरह खुला और असुरक्षित रह गया। हैरानी की बात यह है कि सफाईकर्मी कार्य पूरा करने के बाद मौके से चले गए, लेकिन टूटे हुए ढांचे की मरम्मत या उसे ढकने की कोई व्यवस्था नहीं की गई।
खुले पड़े गहरे नाले के कारण अब तक कई लोग और जानवर गिरकर घायल हो चुके हैं। इसके बावजूद नगर पालिका प्रशासन द्वारा कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। वार्डवासियों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि गलियों से निकलना भी अब जोखिम भरा हो गया है, खासकर बच्चों और बुजुर्गों के लिए स्थिति और भी चिंताजनक है। रात के समय अंधेरे में दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। वार्डवासियों ने सवाल उठाया है कि आखिर उनकी समस्या कौन सुनेगा और यदि कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से तत्काल प्रभाव से नाले की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था बहाल करने की मांग की है, ताकि किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
