बानसूर। स्मार्ट हलचल।आर्य समाज बानसूर की ओर से आरसीआई विद्यालय परिसर में आयोजित सात दिवसीय तृतीय आवासीय युवा आत्मरक्षा प्रशिक्षण, चरित्र निर्माण एवं संस्कार शिविर का रविवार कों गरिमामय वातावरण में समापन हुआ। शिविर में बालक-बालिकाओं को धर्म, यज्ञ, योग, ब्रह्मचर्य, आत्मरक्षा, व्यक्तित्व विकास, नशामुक्ति और राष्ट्रभक्ति जैसे विषयों पर प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन दिया गया। समापन समारोह में आर्य वीर दल के प्रशिक्षक आचार्य लेखराम ने ब्रह्मचर्य शक्ति एवं आत्मरक्षा के हैरतअंगेज प्रदर्शन किए। लोहे का सरिया मोड़ना, बेल तोड़ना, छाती पर पत्थर तोड़ना, लाठी संचालन, तलवारबाजी, मलखम्ब और व्यायाम प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहे। शिविरार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित भी किया गया।वक्ताओं ने युवाओं में संस्कार, आत्मविश्वास और राष्ट्रसेवा की भावना विकसित करने के लिए ऐसे शिविरों को आवश्यक बताया। इस दौरान आचार्य सोमदेव शास्त्री, आचार्य नंदकिशोर, गंगाचरण आर्य, भूदेव शास्त्री, रामनिवास प्रधान, कृष्ण कुमार, डॉ. विजय कुमार, लक्ष्मण प्रसाद सैनी, भूपसिंह यादव, दिनेश कुमार जांगिड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहें।
