पुरुषोत्तम जी की पुण्यतिथि पर परिवार ने जय मिनेश आदिवासी यूनिवर्सिटी को दिए 5.51 लाख रुपए

यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन आर.डी. मीणा को सौंपा चेक, कुल सहयोग राशि 67.51 लाख पहुंची

✍️राकेश मीणा

कोटा । स्मार्ट हलचल।शिक्षा के क्षेत्र में समाज की भागीदारी और जनसहयोग का एक प्रेरणादायक उदाहरण उस समय देखने को मिला, जब स्वर्गीय पुरुषोत्तम जी की पुण्यतिथि पर उनके परिवार ने जय मिनेश आदिवासी यूनिवर्सिटी के विकास के लिए 5 लाख 51 हजार रुपए की सहयोग राशि प्रदान की। परिवार की ओर से श्रीमती कौशल्या देवी एवं उनके पुत्र प्रमोद कुमार ने यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन आर.डी. मीणा को 5.51 लाख रुपए का चेक भेंट किया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में परिवारजनों ने कहा कि स्वर्गीय पुरुषोत्तम जी जीवनभर शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और समाजहित के कार्यों को बढ़ावा देने के पक्षधर रहे। उनकी पुण्यतिथि पर परिवार ने यह निर्णय लिया कि उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए शिक्षा के क्षेत्र में योगदान दिया जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को लाभ मिल सके।

यूनिवर्सिटी के चेयरपर्सन आर.डी. मीणा ने परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा के लिए किया गया यह सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज के उज्ज्वल भविष्य में किया गया निवेश है। उन्होंने कहा कि समाज के सहयोग और जनभागीदारी से जय मिनेश आदिवासी यूनिवर्सिटी निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है तथा आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि विभिन्न समाजबंधुओं, शिक्षाप्रेमियों और दानदाताओं के सहयोग से यूनिवर्सिटी को अब तक कुल 67 लाख 51 हजार रुपए की राशि प्राप्त हो चुकी है। इस राशि का उपयोग यूनिवर्सिटी परिसर में शैक्षणिक सुविधाओं के विस्तार, आधुनिक संसाधनों की उपलब्धता तथा आधारभूत ढांचे के विकास पर किया जाएगा।

विशेष बात यह रही कि पुरुषोत्तम जी के परिवार द्वारा प्रदान की गई 5.51 लाख रुपए की राशि यूनिवर्सिटी को अब तक प्राप्त सबसे बड़ा व्यक्तिगत दान माना जा रहा है। इस योगदान ने शिक्षा के प्रति समाज की प्रतिबद्धता को एक नई पहचान दी है तथा अन्य लोगों के लिए भी प्रेरणा का मार्ग प्रशस्त किया है।

वक्ताओं ने कहा कि किसी भी समाज की वास्तविक उन्नति शिक्षा से ही संभव है। आदिवासी और ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से स्थापित जय मिनेश आदिवासी यूनिवर्सिटी समाज के सहयोग से निरंतर प्रगति कर रही है। आने वाले समय में यह संस्थान शिक्षा, शोध और सामाजिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित समाजजनों ने भी परिवार की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि स्वर्गीय पुरुषोत्तम जी की स्मृति में किया गया यह योगदान शिक्षा के क्षेत्र में एक प्रेरणादायक संदेश है। इससे समाज में शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ेगी और अधिक लोग सामाजिक सरोकारों से जुड़कर योगदान देने के लिए आगे आएंगे।

अंत में यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने श्रीमती कौशल्या देवी एवं प्रमोद कुमार का सम्मान करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया और विश्वास जताया कि समाज के सहयोग से संस्थान भविष्य में नई उपलब्धियां हासिल करेगा।