सत्यनारायण तेली पर जानलेवा हमला: आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से भड़का तेली समाज

पुनित चपलोत

भीलवाड़ा // जिले के बनेड़ा थाना क्षेत्र के सरदारनगर निवासी सत्यनारायण तेली पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी एवं मुकदमे में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं जोड़ने की मांग को लेकर सोमवार को भीलवाड़ा के तेली समाज के लोगों ने कलेक्ट्रेट कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। समाज के सैकड़ों लोगो ने मुखर्जी उद्यान से कलेक्ट्रेट तक विरोध रैली निकाली और जिला कलेक्ट्रेट पहुंचकर पुलिस अधीक्षक सागर राणा को ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान समाजजनों ने आरोप लगाया कि 31 मई को बनेड़ा थाना क्षेत्र के सोभागपुरा चौराहे पर सत्यनारायण तेली पर हुए हमले के मामले में बनेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद पुलिस द्वारा अब तक आरोपियों के खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि हमले में शामिल लोगों ने संगठित गिरोह बनाकर वारदात को अंजाम दिया, लेकिन मुकदमे में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं नहीं जोड़ी गई हैं।

ज्ञापन में बताया गया कि सरदारनगर निवासी कुछ लोगों एवं अन्य व्यक्तियों द्वारा कथित रूप से एक संगठित गिरोह बनाकर सत्यनारायण तेली पर प्राणघातक हमला किया गया। इस संबंध में बनेड़ा थाने में मुकदमा संख्या 102/2026 दर्ज है, लेकिन समाज का आरोप है कि मामले की गंभीरता के अनुरूप भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 (2) एवं 110 नहीं जोड़ी गई और न ही आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।

समाज के पदाधिकारियों ने यह भी आरोप लगाया कि घटना के बाद पीड़ित एवं उसके परिवार को लगातार धमकियां दी जा रही हैं। ज्ञापन में कहा गया कि आरोपियों द्वारा पीड़ित परिवार में भय का माहौल बनाया जा रहा है तथा गांव में दहशत फैलाने का प्रयास किया जा रहा है। समाज ने इसे कानून-व्यवस्था से जुड़ा गंभीर मामला बताते हुए पुलिस से तत्काल कठोर कार्रवाई की मांग की है।

तेली समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस अधीक्षक से मांग की कि मामले की निष्पक्ष एवं प्रभावी जांच कर मुकदमे में संगठित अपराध से संबंधित धाराएं जोड़ी जाएं तथा सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और क्षेत्र में कानून का राज स्थापित हो।

इस दौरान एडवोकेट लादूलाल तेली, एडवोकेट ओमप्रकाश नैणावा, एडवोकेट कुशल साहू, शंकरलाल तेली, कैलाशचंद्र आसरवा, जगदीश राजोरा, मोहन दिया, पूरण तेली सहित तेली समाज के सैकड़ों युवा एवं समाजजन मौजूद रहे। समाज के लोगों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।