अनिल कुमार
ब्यावर।स्मार्ट हलचल।आगामी 21 जून को आयोजित होने वाले 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस-2026 को एक जनआंदोलन का रूप देने और व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के लिए ब्यावर में तैयारियां तेज हो गई हैं। सोमवार को जिला कलक्टर सभागार में जिला कलक्टर कमल राम मीना की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समन्वय समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में जिला स्तरीय मुख्य समारोह की तैयारियों की समीक्षा की गई और संबंधित अधिकारियों को समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी करने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
सुभाष उद्यान में होगा मुख्य समारोह
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष जिला स्तरीय मुख्य समारोह 21 जून 2026 को प्रातः 7 बजे से 8 बजे तक सुभाष उद्यान, राठी पवेलियन, ब्यावर में आयोजित किया जाएगा। इस सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं और बड़ी संख्या में आमजन शामिल होंगे। जिला कलक्टर ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए इस कार्यक्रम को सफल बनाने के निर्देश दिए हैं।
‘योग फॉर हेल्दी एजिंग’ थीम पर आधारित होगा कार्यक्रम
इस वर्ष 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योग फॉर हेल्दी एजिंग (Yoga for Healthy Ageing)” निर्धारित की गई है। जिला कलक्टर मीना ने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत है, जो स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। उन्होंने स्कूलों, कॉलेजों, सरकारी कार्यालयों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक पंजीकरण (पंजीयन) कराने पर जोर दिया।
ऑनलाइन पंजीयन और हेल्पलाइन शुरू
आमजन की सुविधा के लिए इस बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ऑनलाइन पंजीयन की व्यवस्था की गई है। योग से जुड़ी किसी भी जानकारी अथवा पंजीयन के लिए प्रशासन द्वारा टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-315-7008 जारी किया गया है। जिला कलक्टर ने आमजन से भी अपील की है कि वे योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं और योग दिवस के कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लें।
इस समीक्षा बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर ब्रह्मलाल जाट, आयुष विभाग के सहायक निदेशक एवं जिला नोडल अधिकारी डॉ. सी.पी. सेन सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और संबंधित संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
