निम्बाहेड़ा-छोटीसादड़ी क्षेत्र की 12 टीमों के बीच हुआ मुकाबला, बलराज सिंह बने मैन ऑफ द सीरीज
निम्बाहेड़ा, स्मार्ट हलचल। नगर के कॉलेज ग्राउंड में दूधिया रोशनी के बीच आयोजित क्रिकेट टूर्नामेंट का रविवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। प्रतियोगिता में निम्बाहेड़ा-छोटीसादड़ी विधानसभा क्षेत्र की 12 टीमों के लगभग 160 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। पूरे टूर्नामेंट के दौरान खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक अशोक नवलखा रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष कपिल चौधरी ने की। समारोह में पूर्व नगर अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी, पूर्व जिला महामंत्री सोहनलाल आंजना, नगर महामंत्री निलेश मेहता तथा भाजयुमो नगर महामंत्री डॉ. आशीष टांक सहित कई गणमान्यजन मौजूद रहे। आयोजन समिति द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया तथा खिलाड़ियों का परिचय करवाया गया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अशोक नवलखा ने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं बल्कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और व्यक्तित्व विकास का सशक्त आधार हैं। उन्होंने युवाओं से खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करते हैं।
प्रचार-प्रसार समिति के संयोजक निशांत अग्रवाल ने बताया कि क्लब के संरक्षक महिपाल सिंह राठौड़ एवं अतुल सोनी के नेतृत्व में प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। पहले सेमीफाइनल में बीआरडी 11 ने तरुण कंस्ट्रक्शन को हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में माहेश्वर 11 ने श्री आशापुरा टीम को पराजित कर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई।
फाइनल मुकाबले में बीआरडी 11 ने शानदार प्रदर्शन करते हुए माहेश्वर 11 को हराकर टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया। कॉलेज ग्राउंड में दूधिया रोशनी के बीच आयोजित यह नगर क्षेत्र का पहला क्रिकेट टूर्नामेंट रहा, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और दर्शक पहुंचे।
व्यक्तिगत पुरस्कारों में माहेश्वर 11 के कप्तान बलराज सिंह गागरोल को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द सीरीज एवं बेस्ट बल्लेबाज चुना गया। वहीं माहेश्वर 11 के अक्षय माली को बेस्ट बॉलर का पुरस्कार प्रदान किया गया।
आयोजन के दौरान मोहित परमार, श्रीनाथ कनौजिया, कमल सुथार, कबीर रावल, कमलेश सुथार, ऋषि सुथार, राकेश पारीक, विक्रम सुथार, देवराज सिंह, विजय मीणा, रत्नेश व्यास, आकाश पहाड़िया, वीरेंद्र जोशी, कमलेश जोशी, आकाश रावल, गोविंद मीणा, भूदीप भटनागर, बबलू, सीपी दायमा, रवि बैरवा, अजय जाट, अहसान छिपा, अभिषेक केथवास सहित क्लब के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
