(दिनेश लक्षकार)
स्मार्ट हलचल।नगर में सात दिवसीय भागवत महापुराण कथा मंगलवार से शुरू हो गई है। इस अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई। आयोजक गोयल परिवार के छोटूलाल माली ने बताया कि नगर के मंडी रोड़ स्थित माहेश्वरी सेवा संस्थान परिसर में मंगलवार से 15 जून तक प्रतिदिन दोपहर 2 बजे कथा व्यास गुरुदेव राष्टीय संत डॉ. पंडित मिथिलेश नागर (भागवत भास्कर, गुरूपीठ निनौराधाम, मध्यप्रदेश) के मुखारविंद से श्रीमद् भागवत महापुराण कथा का वाचन किया जाएगा। साथ ही भागवत कथा के पावन अवसर के दौरान भागवत महात्मय, नारद चरित्र, कपिल अवतार, ध्रुव चरित, भरत चरित, नृसिंह अवतार, वामन अवतार, राम जन्म, कृष्ण जन्म, नंदोत्सव, कृष्ण बाल लीला, गोवर्धन पूजा, रुकमणी विवाह, सुदामा चरित्र आदि की आकर्षक एवं मनमोहन प्रस्तुतियां दी जाएगी। कथा को लेकर मंगलवार सुबह भव्य शोभायात्रा पंचतीर्थ बालाजी मंदिर से गाजे बाजे के साथ निकाली गई जो शिवरती गेट, ज्ञानजी का चौक, कुण्ड चौक, मस्जिद चौक, मुख्य बाजार, सहाड़ा चौपाटी होते हुए कथास्थल पहुंची।शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु नाचते गाते साथ चल रहे थे। शोभायात्रा का कई स्थानों पर पुष्पवर्षा से स्वागत किया गया वहीं नगरवासियों में इस भागवत महापुराण कथा को लेकर काफी उत्साह है। पूरा गंगापुर कस्बा भक्तिमय रंग में रंग चुका है।
