छात्रों को न्याय, छात्रसंघ चुनाव बहाली और मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर सौंपा ज्ञापन
चित्तौड़गढ़, स्मार्ट हलचल। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के निर्देशानुसार मंगलवार को जिला मुख्यालय पर एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी की उपस्थिति में नगर अध्यक्ष अमन खान के नेतृत्व में जिला कलेक्ट्रेट पर विरोध प्रदर्शन कर जिला प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल एवं राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र एवं राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों, युवाओं एवं समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में नीट परीक्षा पेपर लीक मामले में छात्रों को न्याय दिलाने, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, गौ माता को राष्ट्रीय पशु घोषित करने, राजस्थान में छात्रसंघ चुनाव पुनः शुरू करने तथा सहकारिता मंत्री गौतम दक के कथित विवादित बयान मामले में निष्पक्ष जांच और इस्तीफे की मांग उठाई गई।
एनएसयूआई नगर अध्यक्ष अमन खान ने कहा कि छात्र एवं युवा वर्ग की समस्याओं की लगातार अनदेखी की जा रही है। उन्होंने कहा कि संगठन छात्रों के अधिकारों और हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहेगा। यदि मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष अल्पेश गोस्वामी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों की आवाज को महत्व मिलना चाहिए। छात्रसंघ चुनाव युवाओं को नेतृत्व का अवसर प्रदान करते हैं, इसलिए इन्हें पुनः बहाल किया जाना आवश्यक है।
इस दौरान छात्र प्रतिनिधि युवराज सिंह ने कहा कि छात्रसंघ चुनाव जल्द बहाल नहीं किए गए तो एनएसयूआई आंदोलन को और तेज करेगी। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने “छात्रों को न्याय दो”, “शिक्षा मंत्री इस्तीफा दो”, “छात्रसंघ चुनाव बहाल करो” और “हमारी मांगें पूरी करो” जैसे नारे लगाए।
प्रदर्शन में जिला उपाध्यक्ष दिव्यांशु शर्मा, अभिषेक सालवी, जिला महासचिव पवन नाथ, कान सिंह सोलंकी, जिला सचिव हर्षवर्धन गुर्जर, मिहिर पुरोहित, चित्तौड़गढ़ ब्लॉक अध्यक्ष जय पारीक, इकाई अध्यक्ष अविनाश आचार्य, करण मीणा, ईश्वर गुर्जर, ऋषभ चावंट, अल्ताफ शेख, विक्रम सिंह, कृष्णा जाट, पूजा, खुशबू, खुशी, कुणाल घारू, अंगद सिंह, जयेश सिंघोलिया, अजय नाथ सहित बड़ी संख्या में एनएसयूआई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
