उपखण्ड अधिकारी ने किया जनगणना 2027 फील्ड कार्य का निरीक्षण, दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल।भारत की आगामी जनगणना 2027 के तहत स्थानीय स्तर पर चल रहे फील्ड कार्यों का उपखण्ड अधिकारी तानिया रिणवा ने आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं एवं प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने जनगणना कार्य में लगे अधिकारियों एवं कर्मचारियों से विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपखण्ड अधिकारी ने मुख्यालय क्षेत्र में तैयार किए जा रहे नजरी नक्शों, भवन सूचीकरण तथा मकान क्रमांकन कार्य का गहन अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर जाकर विभिन्न क्षेत्रों में लगाए जा रहे मकान नंबरों का नजरी नक्शे एवं अभिलेखों के अनुसार मिलान कराया तथा वास्तविक स्थिति का आकलन किया। इस दौरान उन्होंने यह भी देखा कि प्रत्येक भवन एवं परिवार का विवरण सही तरीके से दर्ज किया जा रहा है या नहीं।
उपखण्ड अधिकारी ने जनगणना पर्यवेक्षक दीप शिखा माहेश्वरी एवं परीक्षित चतुर्वेदी से क्षेत्रवार प्रगति की जानकारी ली। वहीं प्रगणक देवेंद्र सिंह कानावत एवं पीरू मोहम्मद मंसूरी द्वारा किए जा रहे फील्ड कार्य का भी निरीक्षण कर आवश्यक सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि जनगणना देश की महत्वपूर्ण प्रशासनिक प्रक्रिया है, इसलिए प्रत्येक जानकारी का संकलन पूरी सावधानी, पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के दौरान नजरी नक्शों में दर्शाए गए मकानों एवं वास्तविक रूप से मौजूद भवनों का मिलान किया गया। उपखण्ड अधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति पाए जाने पर उसका तत्काल निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आगामी जनगणना कार्य सुचारू रूप से संपादित हो सके। उन्होंने जनगणना कार्य में लगे कार्मिकों की सराहना करते हुए कहा कि फील्ड स्तर पर की जा रही मेहनत भविष्य में तैयार होने वाले जनगणना आंकड़ों की गुणवत्ता निर्धारित करेगी। इसलिए सभी कार्मिक पूरी जिम्मेदारी एवं निष्ठा के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
इस अवसर पर व्याख्याता मनोज शर्मा तथा सहायक प्रशासनिक अधिकारी राकेश योगी भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी जनगणना कार्य की प्रगति का अवलोकन किया।