बाडियां के बालाजी मंदिर में विधायक कोष से बनेगा 10 लाख रुपए का सार्वजनिक छायागृह

राजेन्द्र बबलू पोखरना
कोटड़ी
स्मार्ट हलचल।कस्बे के सवाईपुर रोड स्थित प्रसिद्ध बाडियां के बालाजी मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विधायक कोष से 10 लाख रुपए की लागत से सार्वजनिक छायागृह का निर्माण कराया जाएगा। लंबे समय से मंदिर परिसर में छायागृह निर्माण की मांग की जा रही थी। जिसे अब स्वीकृति मिलने के बाद मूर्त रूप दिया जाएगा।
छायागृह निर्माण के लिए बुधवार को आचार्य ब्राह्मण सेवा समिति भीलवाड़ा के जिला अध्यक्ष बद्रीलाल आचार्य के नेतृत्व में समाज के वरिष्ठजनों एवं पदाधिकारियों ने मंदिर परिसर का निरीक्षण कर निर्माण स्थल का चयन एवं भूमि चिन्हित की। इस दौरान उपस्थित जनों ने निर्माण कार्य से संबंधित आवश्यक बिंदुओं पर चर्चा करते हुए इसे शीघ्र प्रारंभ कराने पर जोर दिया। समाजजनों ने बताया कि बाडियां का बालाजी मंदिर क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक आस्थाओं का केंद्र है जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। इसके अलावा विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक आयोजनों के दौरान भी बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। ऐसे में छायागृह का निर्माण होने से श्रद्धालुओं को धूप, गर्मी एवं वर्षा से राहत मिलेगी तथा धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में भी सुविधा मिलेगी। निरीक्षण के दौरान कोटड़ी आचार्य समाज अध्यक्ष सत्यनारायण आचार्य, संरक्षक चांदमल आचार्य, देवीलाल आचार्य, मदनलाल आचार्य, युवा अध्यक्ष मुकेश आचार्य, कोषाध्यक्ष कैलाशचंद्र आचार्य, रामस्वरूप आचार्य, राजेंद्र आचार्य, पुखराज आचार्य, सुखपाल आचार्य, भेरूलाल आचार्य, देवेंद्र आचार्य सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। समाज के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठजनों ने जहाजपुर कोटड़ी विधायक गोपीचंद मीणा का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि छायागृह निर्माण से मंदिर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को स्थायी सुविधा उपलब्ध होगी तथा मंदिर परिसर की व्यवस्थाएं और अधिक सुदृढ़ होगी।