हमीरगढ़ (अल्लाउद्दीन मंसूरी)। प्रेम नगर से रेलवे स्टेशन एवं तहसील जाने वाले मुख्य मार्ग पर महावीर कॉलोनी के समीप स्थित नाले की जर्जर हालत और सड़क की कम चौड़ाई आमजन के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। मार्ग के दोनों ओर नाला होने तथा सड़क संकरी होने के कारण एक समय में दो वाहन सुरक्षित रूप से नहीं निकल पाते, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। स्थानीय लोगों के अनुसार नाले का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो चुका है तथा उसकी दीवारें भी जगह-जगह से टूट चुकी हैं। बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है। आमने-सामने वाहन आने पर चालकों को काफी मशक्कत करनी पड़ती है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है। स्थानीय निवासी दयाशंकर जोशी ने बताया कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन, तहसील कार्यालय, पुलिस थाना तथा आसपास के क्षेत्रों में आवागमन करते हैं, लेकिन लंबे समय से क्षतिग्रस्त नाले और संकरी सड़क की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने बताया कि नाले के आसपास नियमित सफाई नहीं होने से झाड़ियां उग आई हैं, जिससे आवारा पशुओं और जहरीले जीव-जंतुओं का भी खतरा बना रहता है।क्षेत्रवासियों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि नाले की शीघ्र मरम्मत कर सड़क का चौड़ीकरण कराया जाए अथवा दोनों ओर मिट्टी भराव करवाया जाए, ताकि वाहन नाले में उतरने से बच सकें। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से मजबूत रेलिंग लगाने की भी मांग की गई है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे को रोका जा सके।
फोटो कैप्शन: महावीर कॉलोनी के पास प्रेम नगर-रेलवे स्टेशन मार्ग पर क्षतिग्रस्त नाला और संकरी सड़क, जहां हर समय दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
