सचिव दीपक कुमार बोले- आकाशवाणी सहित विभिन्न रेडियो स्टेशनों पर होगा प्रसारण, योजनाओं की जानकारी अब ऑडियो माध्यम से पहुंचेगी आमजन तक
देहरादून।स्मार्ट हलचल।प्रदेश के नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी सरल और सुलभ तरीके से उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को सचिवालय में कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग द्वारा तैयार की गई ‘मेरी योजना’ पुस्तक के ऑडियो क्लिप का अनावरण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है और इसके लिए सूचना का प्रभावी प्रसार अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं को एक ही स्थान पर संकलित किया गया है, जिससे आम नागरिकों को योजनाओं की जानकारी आसानी से उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि अक्सर जानकारी के अभाव में पात्र लोग भी योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं। ऐसे में यह पुस्तक और इसका ऑडियो संस्करण लोगों को योजनाओं की जानकारी देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पुस्तक में स्वरोजगार, कौशल विकास, शिक्षा, कृषि, महिला सशक्तिकरण, सामाजिक सुरक्षा तथा अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों से जुड़ी योजनाओं का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। इसमें योजनाओं की पात्रता, मिलने वाले लाभ और आवेदन प्रक्रिया को बेहद सरल एवं सहज भाषा में प्रस्तुत किया गया है, ताकि आमजन बिना किसी कठिनाई के इन योजनाओं को समझ सकें और उनका लाभ प्राप्त कर सकें।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं की पहुंच बढ़ाने के लिए विभाग लगातार नवाचार करें। साथ ही शासनादेशों, सरकारी निर्देशों और योजनाओं से संबंधित सूचनाओं को भी ऐसी सरल भाषा में जारी किया जाए, जिसे ग्रामीण क्षेत्रों और सामान्य नागरिकों द्वारा आसानी से समझा जा सके। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के सबसे अधिक समय तक कार्यकाल पूरा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उनके नेतृत्व में भारत विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित कर रहा है। केंद्र सरकार की विभिन्न नीतियों और सुधारों ने देश की प्रगति को नई गति प्रदान की है और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में मजबूत आधार तैयार किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड को विशेष सहयोग प्राप्त हुआ है। केंद्र सरकार द्वारा राज्य के विकास कार्यों के लिए लगातार वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इसके परिणामस्वरूप सड़क, रेल, हवाई संपर्क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। दूरस्थ और पर्वतीय क्षेत्रों तक विकास की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अनेक परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार की कार्यशैली का सकारात्मक प्रभाव प्रदेश की अर्थव्यवस्था पर भी दिखाई दे रहा है। राज्य की प्रति व्यक्ति आय में लगातार वृद्धि दर्ज की गई है और विकास के विभिन्न मानकों पर उत्तराखंड बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। सरकार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वाकांक्षी योजनाएं संचालित कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, महक क्रांति योजना, एरोमा वैली मिशन, मिशन एप्पल और अन्य रोजगारपरक कार्यक्रमों के माध्यम से युवाओं तथा महिलाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन योजनाओं के जरिए न केवल रोजगार सृजन हो रहा है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिल रही है।
कार्यक्रम में सचिव कार्यक्रम क्रियान्वयन दीपक कुमार ने कहा कि ‘मेरी योजना’ पुस्तक का ऑडियो संस्करण सूचना के प्रसार में एक महत्वपूर्ण माध्यम साबित होगा। उन्होंने बताया कि इस ऑडियो क्लिप का प्रसारण आकाशवाणी सहित विभिन्न रेडियो स्टेशनों के माध्यम से किया जाएगा, जिससे दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक भी योजनाओं की जानकारी प्रभावी ढंग से पहुंच सकेगी।
दीपक कुमार ने बताया कि कार्यक्रम क्रियान्वयन विभाग अब तक ‘मेरी योजना’ पुस्तक के चार संस्करण प्रकाशित कर चुका है। इसके साथ ही पुस्तक का डिजिटल संस्करण भी जारी किया गया है, जिसे नागरिक ऑनलाइन माध्यम से भी देख और पढ़ सकते हैं। उन्होंने कहा कि विभाग का प्रयास है कि प्रत्येक नागरिक तक सरकारी योजनाओं की सही और समय पर जानकारी पहुंचे।
इस अवसर पर महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी प्रचार-प्रसार और आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।
