अवैध खनन पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो जेसीबी व सात ट्रैक्टर-ट्रॉली सीज

स्मार्ट हलचल।खखरेरू फतेहपुर थाना क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो जेसीबी मशीनों और सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। कार्रवाई के दौरान खनन स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल रहा और अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के चचिडा मोड़ नहर से लगभग 500 मीटर अंदर बिना अनुमति के मिट्टी का खनन किया जा रहा था। आरोप है कि खनन की गई मिट्टी को ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से क्षेत्र में संचालित ईंट भट्ठों तक पहुंचाकर बेचा जा रहा था।
ग्रामीणों द्वारा अवैध खनन की सूचना स्थानीय पुलिस एवं उच्चाधिकारियों को दी गई। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी खागा दुर्गेश दीप के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। छापेमारी के दौरान खनन कार्य में लगी दो जेसीबी मशीनों तथा सात ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बरामद किया गया। इनमें कुछ ट्रॉलियां मिट्टी से लदी हुई थीं, जबकि अन्य खाली खड़ी मिलीं।
पुलिस ने बरामद वाहनों की सूचना खनन विभाग और परिवहन विभाग को दी। मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच के बाद सभी वाहनों को सीज कर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त लोगों के बीच हड़कंप मचा हुआ है। अधिकारियों का कहना है कि अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।